डीएवी पब्लिक स्कूल सलासी हमीरपुर के सभागार में जिलाभर के 50 मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मान पाकर चहक उठे। इन यादगार लम्हों में अभिभावकों के चेहरों पर भी खुशी झलक रही थी। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंजता रहा। शनिवार को स्कूल के सभागार में आयोजित अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
वहीं, उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा जसवंत सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। मुख्यातिथि और विशिष्ट अतिथि ने दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षा में जिलाभर में अव्वल रहे 50 छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपायुक्त ने छात्र-छात्राओं के साथ बातचीत की और उन्हें कॅरिअर संबंधी टिप्स भी दिए।
वहीं, उपायुक्त ने छात्र-छात्राओं को नीट परीक्षा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को उत्तीर्ण करने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया और बच्चों से किसी भी जरूरत की स्थिति में संपर्क करने को कहा। उपायुक्त ने कहा कि यदि पढ़ाई के बीच किसी भी प्रकार की कोई मुश्किल आती है, जिसे प्रशासन या वह स्वयं हल कर सकते हों तो छात्र उनसे संपर्क करें। उन्होंने कहा कि गर्मियों की छुट्टियों के दौरान वह इन सभी मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ संवाद करेंगे।
दसवीं कक्षा से छात्र अंशिका ठाकुर, विशाल कुमार, नीरजा, ईशिता, निष्ठा, अनामिका धीमान, वैभव भारद्वाज, रिया चौहान, ईशिता चौहान, अंकिता, शिवांगी ठाकुर, गौरव शर्मा, अंबिका ठाकुर, शालिनी शर्मा, कोमल शर्मा, प्रिया, नैंसी ठाकुर, वंदना ठाकुर, अनमोल धीमान, आकांक्षा, विशाल पटियाल, अंकित, प्रिंस शर्मा, श्रुति, प्रिया ठाकुर, निखिल, ईशिता चोपड़ा को सम्मनित किया गया।
बारहवीं कक्षा से श्रेया कटोच, अमन जगोत्रा, एंजल, विकास शर्मा, आयुष कपूर, तुषार पटियाल, निकिता शर्मा, शुभम कुमार, सौभाग्य राज दीपक, आकृति शर्मा, नितिश कुमार, विशाखा कुमारी, अशना राणा, रितिका शर्मा, सुजाता मोदगिल, श्रेया शर्मा, दीक्षा, कोमल कुमारी, आंचल शर्मा, कोमल शर्मा, मुस्कान शर्मा, मोनिका और विशेष चौधरी को सम्मानित किया गया।