बांसवाड़ा जिले में गुरुवार तड़के 4 बजे से शुरू हुआ मानसूनी बारिश का दौर लगातार जारी है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। शहर सहित ग्रामीण इलाकों में रुक-रुक कर मध्यम बारिश हो रही है, जो सुबह 10:15 बजे तक जारी रही। कुछ देर के अंतराल के बाद दोबारा तेज बारिश शुरू हो गई।
2 of 5
इलाकों में बनी जलभराव की स्थिति
- फोटो : अमर उजाला
बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है और कई सड़कों पर पानी बहने लगा है। वहीं, आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सामान्य दिनों की अपेक्षा बाजारों में सन्नाटा देखने को मिला और कुछ ही दुकानें खुली नजर आईं।
3 of 5
गुरुवार तड़के हुई बारिश
- फोटो : अमर उजाला
मानसून की पहली बारिश ने किसानों के चेहरे खिला दिए हैं। खेतों में बुआई की उम्मीदें फिर से जागी हैं। किसान अब खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री की खरीदारी की तैयारी में जुट गए हैं। कृषि विभाग ने सलाह दी है कि बुआई से पहले मिट्टी में पर्याप्त नमी की जांच कर ली जाए।
4 of 5
जगपुरा में सर्वाधिक 45 मिमी वर्षा
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार सुबह 8 बजे से गुरुवार सुबह 8 बजे तक बांसवाड़ा जिले में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। जिले के जगपुरा क्षेत्र में सर्वाधिक 45 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं भुगंडा में 40 मिमी, माही बांध स्थल पर 35 मिमी और घाटोल में 31 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अन्य क्षेत्रों की बात करें तो बांसवाड़ा शहर में 24 मिमी, कुशलगढ़ में 21 मिमी, सल्लोपाट में 17 मिमी, केसरपुरा में 15 मिमी, बागीदौरा और शेरगढ़ में 10-10 मिमी, लोहारिया में 9 मिमी तथा सज्जनगढ़ व अरथुना में 2-2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। कागदी बांध क्षेत्र में भी 30 मिमी बारिश मापी गई है।
5 of 5
तापमान में आई गिरावट
- फोटो : अमर उजाला
डूंगरपुर जिले में भी वर्षा का असर देखने को मिला, जहां निठाउवा क्षेत्र में सर्वाधिक 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र में मौसम सुहावना हो गया है और खेतों में हरियाली नजर आने लगी है। किसानों में अच्छी बारिश को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में जिलेवासियों को फिलहाल राहत मिलती रहेगी।