रविवार की सुबह इंदौरवासियों ने हल्की धूप के साथ की, जिससे गर्मी अपेक्षाकृत कम महसूस हुई। लेकिन सुबह 11 बजे के बाद मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। इसके थोड़ी देर बाद शहर के कुछ हिस्सों में रिमझिम बारिश शुरू हो गई। तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। दोपहर करीब 3:30 बजे से कई क्षेत्रों में तेज बारिश शुरू हुई और शाम तक ओले भी गिरे।
2 of 7
दशहरा मैदान मेले के शेड उड़े, शादियों के डेकोरेशन टूटे
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
तीन घंटे बिजली गुल, ओलों के साथ तेज हवाएं
तेज बारिश और ओलावृष्टि के साथ हवा की गति भी 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची। इस कारण आधे से ज्यादा इंदौर में तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। लोगों को गर्मी के बीच बिना बिजली के रहना पड़ा। बाजारों में दुकानों पर अंधेरा रहा और कंपनियों में काम प्रभावित हुआ। ढक्कनवाला कुआं क्षेत्र में पेड़ गिरने से एक वैन क्षतिग्रस्त हो गई। शहर के विभिन्न हिस्सों में दर्जनभर से अधिक पेड़ गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं।
3 of 7
सड़कों पर पानी भर गया, घंटों जाम लगा रहा
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
यातायात प्रभावित, जगह-जगह लगा जाम
राजेंद्र नगर, नंदा नगर, रीगल और राजवाड़ा जैसे इलाकों में भारी जाम देखने को मिला। नगर निगम कार्यालय के बाहर जलभराव की स्थिति रही। सयाजी, विजयनगर, रसोमा और पिपलियाना चौराहों पर भी पानी भर गया। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया। देर रात तक कई क्षेत्रों में जाम लगा रहा।
4 of 7
कई जगह गाड़ियों पर भी पेड़ गिर गए
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
दशहरा मैदान और एयरपोर्ट पर भी नुकसान
दशहरा मैदान में लगे मेले के शेड तेज हवाओं में उड़ गए। एयरपोर्ट गेट के भीतर दो पेड़ गिर गए, वहीं गोम्मटगिरी रोड पर होर्डिंग्स गिरने की घटनाएं सामने आईं। मरीमाता, टाटा स्टील, चंदन नगर और कालानी नगर में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। खड़े गणपति क्षेत्र और गर्वमेंट गर्ल्स डिग्री कॉलेज के पास भी पेड़ गिरे।
5 of 7
होर्डिंग गिरने से कई जगह लोग बाल बाल बचे
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
बिजली आपूर्ति बाधित, कई क्षेत्र अंधेरे में डूबे
रावजी बाजार, आलापुर, पलसीकर, खंडवा रोड, मुराई मोहल्ला, नयता मुंडला, पालदा, नानक नगर, पिपलिया राव, रालामंडल, छावनी, कलानी नगर, विदुर नगर, प्रभु नगर, कनाड़िया और खजराना जैसे इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित रही। बिजली कंपनी के अनुसार 33 केवी लाइन में आई खराबी के कारण यह आपूर्ति बंद की गई।