उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने 23520 नागरिक पुलिस व 18 हजार पीएसी के सिपाहियों के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम सोमवार को जारी कर दिया।
कुल 41520 पदों पर भर्ती के लिए यह परीक्षा 18 व 19 जून 2018 को चार पलियों में सम्पन्न होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी। इस पाली की परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को केंद्र पर सुबह 8 बजे पहुंचना होगा। 9.30 बजे के बाद किसी को केंद्र में एंट्री नहीं दी जाएगी। परीक्षा 10 बजे से शुरू हो जाएगी।
दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 से 5 बजे के बीच होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। 2.30 परीक्षा केंद्र के गेट बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा के लिए प्रदेश के 56 जिलों में सेंटर बनाए गए हैं।
प्रवेश पत्र दो चरणों में जारी किया जाएगा। पहले चरण में परीक्षा से दो सप्ताह पूर्व बोर्ड की वेबसाइट www.uppbpb.gov.in पर अभ्यर्थी को उसके परीक्षा केंद्र की जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी। यह सिर्फ अभ्यर्थी की जानकारी के लिए होगा।
दूसरे चरण का प्रेवश पत्र 15 जून को बोर्ड की वेबसाइट पर सुबह 10 बजे से उपलब्ध होगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ इसकी एक प्रतिलिपि केंद्र लेकर आना अनिवार्य होगा।