रेलवे से जुड़ी दो महत्वपूर्ण खबरें हैं। पहली समय परिवर्तन के संदर्भ में तो दूसरी टूर पैकेज से संबंधित। राजधानी लखनऊ से मुंबई की दो ट्रेनों का 11 अप्रैल से नंबर एवं समय बदल जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के मुताबिक ट्रेन 01016 गोरखपुर-एलटीटी कुशीनगर एक्सप्रेस का नया नंबर 02537 हो जाएगा। यह एलटीटी से रात 11:59 के बजाय आधी रात 12:35 बजे चलेगी और ऐशबाग रात 1:42 बजे पहुंचेगी।
वहीं, ट्रेन 02542 एलटीटी-गोरखपुर सुपरफास्ट का नंबर 02103 होगा। यह 11 अप्रैल से एलटीटी से सुबह 11:10 बजे की जगह सुबह 5:23 बजे रवाना होगी। ट्रेन सुबह 11:25 बजे की जगह सुबह 6:00 बजे ऐशबाग और बादशाहनगर 11:59 की जगह 6:48 बजे पहुंचेगी।
गोरखपुर एलटीटी सुपरफास्ट 12 अप्रैल से गोरखपुर से रात 9:50 की जगह 10:30 बजे चलकर बादशाहनगर दोपहर 2:57 की जगह 3:15 बजे, ऐशबाग 3:38 की जगह 3:55 बजे होकर एलटीटी दूसरे दिन सुबह 4:00 बजे के बजाय 4:35 बजे पहुंचेगी।
आईआरसीटीसी लिमिटेड आगामी 18 से 24 मार्च तक लखनऊ से केरल के लिए हवाई टूर पैकेज लॉन्च कर रहा है। पर्यटकों को सस्ती दर पर छह रात और सात दिन केरल की सैर कराएगा। लखनऊ से केरल वाया बंगलुरू जाने और आने की व्यवस्था फ्लाइट से की गई और ठहरने की व्यवस्था थ्री स्टार होटल में होगी।
आईआरसीटीसी उत्तर क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल गुप्ता ने बताया कि केरल में स्थानीय भ्रमण वातानुकूलित वाहन से कराया जाएगा। यात्रा के दौरान मुन्नार में चियापारा वाटर फॉल, टी म्यूजियम, ईको पॉइन्ट, थकेडी में पेरियार वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में बोटिंग, हाउसबोट में ठहरने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति 39,600 और तीन लोगोें के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति 37,550 निर्धारित किया गया है। इसके अलावा प्रति बच्चा बेड सहित 33,450 व बिना बेड 30,500 अलग से देना होगा।