मां के प्रति अपनी भावनाओं को रंगों के जरिये कैनवास पर उतारने वाले लाडलों को जब सम्मानित किया गया तो एक बार फिर उनकी आंखों से मां के प्रति प्रेम उमड़ पड़ा। मौका था ‘अमर उजाला’ की ओर से मदर्स डे पर आयोजित ड्राइंग कॉम्पटीशन के विजेताओं के सम्मान समारोह का, जिसमें राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह ने सभी विजेता बच्चों को उपहार व मोमेंटों देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उनके अभिभावक भी मौजूद रहे।
राज्यमंत्री से पुरस्कार पाकर बच्चे खुशी से झूम उठे और मां को गले लगा लिया। राज्यमंत्री ने विजेता बच्चों के साथ संवाद भी किया और उनके अभिभावकों को सुझाव भी दिए।
इस मौके पर प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शामिल डॉ. श्रुति कौशिक, पुनीत कात्यायन, राजीव रंजन सहित बाल गायिका फरहा नाज को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। ज्ञात रहे, मदर्स डे के उपलक्ष्य में ‘अमर उजाला’ की ओर से गुरुवार को लोहिया पार्क में ड्राइंग कॉम्पटीशन का आयोजन किया गया था, जिसमें राजधानी के विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों से करीब पांच हजार बच्चों ने प्रतिभाग किया था। उन्होंने रंगों से अपनी भावनाएं कैनवास पर उकेरी थी।
कितनी अच्छी ड्राइंग बनाई
समारोह में प्रोजेक्टर पर स्लाइड के माध्यम से 18 चयनित पेंटिंग्स को भी दिखाया गया, जिसे देखकर स्वाति सिंह काफी प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि बच्चों ने इतनी अच्छी ड्राइंग बनाई है। बच्चों ने बहुत अच्छे से मां के प्रति भावनाओं का इजहार किया है।
आओ सेल्फी भी ले लूं
सम्मान समारोह में बच्चों के साथ पहुंचे अभिभावक भी काफी खुश थे। ‘अमर उजाला’ की ओर से किए गए इस प्रयास को उन्होंने सराहा। वहीं ग्रुप फोटो के बाद कई अभिभावकों ने अपने बच्चों से कहा कि आओ इस खास पल की सेल्फी भी तो ले ली जाए।