प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य आमंत्रित अति विशिष्ट अतिथि मुख्य आयोजन पंडाल के समक्ष बने बुलेटप्रूफ चैंबर में बैठेंगे। वृंदावन योजना में डिफेंस एक्सपो के दौरान वे यहीं से दुश्मनों के खिलाफ सेना का रण कौशल देखेंगे। चैंबर के समीप ही अन्य दर्शकों के बैठने के लिए स्टेडियम नुमा सीढ़ियां तैयार कराई गई हैं।
आयोजन स्थल के मुख्य पंडाल में पीएमओ कक्ष के साथ बुलेटप्रूफ चैंबर से जुड़े कार्यों को सेना से जुड़े विशेषज्ञ अंतिम स्वरूप देने में जुटे हैं। मौके पर मौजूद एक आला अफसर ने भरोसा जताया कि 31 जनवरी को पीएम की सुरक्षा से जुड़ी एनएसजी टीम के भ्रमण से पहले सभी बचे कार्यों को पूरा करा लिया जाएगा।
सेक्टर-15 के आयोजन स्थल पर जर्मन हैंगर में तैयार विशाल वाटरप्रूफ पंडाल में एक साथ पांच हजार लोगों के बैठने के इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्य पंडाल से दो से तीन सौ मीटर की दूरी पर ही रण कौशल कला का लाइव डेमो होगा। चारों तरफ से पारदर्शी इस चैंबर में सिर्फ एक प्रवेश द्वार है। पूरा चैंबर एयरकंडीशंड है।
पीएमओ स्टाफ के लिए पूरे इंतजाम
उद्घाटन समारोह को तैयार पंडाल के मुख्य मंच पर पीएम सहित अन्य आमंत्रित अति विशिष्ट अतिथि हिस्सेदारी करेंगे। इस दौरान मुख्य स्टेज के पीछे हाईटेक संचार सुविधायुक्त दो बड़े कक्ष पीएमओ स्टाफ से जुड़े कामकाज के लिए विशेष तौर पर तैयार कराए गए हैं। इन कक्षों में हॉटलाइन फोन सुविधा सहित फोटो स्टेट से लेकर डेटा नेटवर्किंग की पूरी सुविधा रहेगी।
सेना में कॅरिअर बनाने को प्रोत्साहित होंगे युवा
डिफेंस एक्सपो के दौरान सेना से जुड़े हथियारों व तकनीक के प्रदर्शन के माध्यम से युवाओं को सेना में कॅरिअर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए तीनों ही सेनाओं की तरफ से वृंदावन योजना स्थित मुख्य आयोजन स्थल व रिवर फ्रंट शो में भी पूरी जानकारी दी जाएगी। सेना में नौकरी के इच्छुक युवक-युवतियों का डेटाबेस तैयार कर उन्हें सेना भर्ती रैली के समय प्राथमिकता देकर परेशानी से बचाया जाएगा।