सुना है क्या: 'दिवाली की दावत', साथ ही 'आसान नहीं प्रोन्नति पाने की डगर और छोटे साहब का बड़ा जलवा' के किस्से
यूपी के राजनीतिक गलियारे और प्रशासन में तमाम ऐसे किस्से हैं, जो हैं तो उनके अंदरखाने के... लेकिन, चाहे-अनचाहे बाहर आ ही जाते हैं। ऐसे किस्सों को आप अमर उजाला के "सुना है क्या" सीरीज में पढ़ सकते हैं। तो आइए पढ़ते हैं इस बार क्या है खास...
विस्तार
यूपी के राजनीतिक गलियारे और प्रशासनिक गलियों में आज तीन किस्से काफी चर्चा में रहे। चाहे-अनचाहे आखिर ये बाहर आ ही जाते हैं। इन्हें रोकने की हर कोशिश नाकाम होती है। आज की कड़ी में 'दिवाली की दावत' की कहानी। इसके अलावा 'आसान नहीं प्रोन्नति पाने की डगर' और 'छोटे साहब का बड़ा जलवा' के किस्से भी चर्चा में रहे। आगे पढ़ें, नई कानाफूसी...
दिवाली की दावत
चिकित्सा शिक्षा से जुड़े एक अफसर के यहां दिवाली की दावत थी। इसमें विभिन्न संस्थानों और कॉलेजों के लोगों को बुलाया गया। सभी ने अपने सामर्थ के अनुसार दावत में शरीक होने की तैयारी की। किसी ने सूटबूट खरीदा तो किसी ने लिफाफा तैयार किया। इसी बीच विभाग की मुखिया ने दिवाली पर किसी से मिलने से इनकार कर दिया। फिर क्या था। दावत देने वाले अफसर के मंसूबे पर पानी फिर गया। दावत स्थगित हो गई।
आसान नहीं प्रोन्नति पाने की डगर
खेलों से जुड़े एक विभाग में अधिकारियों के लिए प्रोन्नति पाना किसी चुनौती से कम नहीं है। काफी समय से विभाग में अधिकारियों के दो अहम पद खाली हैं। मजे की बात हो यह है कि इन खाली पदों के लिए उपयुक्त दावेदार भी हैं, लेकिन अभी तक उन्हें शासन स्तर से तैनाती नहीं दी गई है। अब सुनने में यह आ रहा है कि शासन स्तर से कम से कम एक अधिकारी का प्रोन्नति पाना तय है, लेकिन दूसरे खाली पद को लेकर अभी तक कोई भी फैसला नहीं लिया जा सका है।
छोटे साहब का बड़ा जलवा
प्रदेश के पढ़ाई लिखाई वाले विभाग में छोटे साहब का बड़ा जलवा है। विभाग के बड़े साहब क्या उतना मातहत पर जलवा दिखाते होंगे। छोटे साहब को सब कुछ राइट टाइम और तत्काल चाहिए। एक दिन तो देर रात अपने मातहत को निर्देश दिया कि यह काम तत्काल चाहिए। अब सारे अधिकारी परेशान कि इतनी रात में काम कैसे हो। हालांकि सुबह तक सबकी सांस थमी रही।