अमेठी में अपने दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को रास्ता रोके जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भड़क गए। वे जामों तिराहे पर अपने वाहन से उतरकर पैदल ही गौरीगंज शहर की ओर चल पड़े। उनके इस अंदाज से एसपीजी से लेकर जिला प्रशासन तक में हड़कंप मच गया। मंगलवार को मुसाफिरखाना के बाद कांग्रेस अध्यक्ष को गौरीगंज रोड शो में पहुंचना था। वे गौरीगंज पहुंचते उसके पहले ही वहां कांग्रेसियों और भाजपाइयों में भिड़ंत हो गई। स्थिति संभालने की कोशिश में पुलिस ने लाठियां भांज दी।
रास्ता रोके जाने पर भड़के राहुल गांधी, गाड़ी से उतरकर पैदल ही चल पड़े, मचा हड़कंप, तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हालात की नजाकत को देखते हुए पुलिस ने राहुल गांधी को शहर में प्रवेश से रोकने के लिए मुसाफिरखाना मार्ग को कौहार गांव के नेता चौराहे के पास ब्लॉक कर दिया। पुलिस ने राहुल के काफिले को दूसरे रास्ते से जामों तिराहे पहुंचा दिया। पुलिस चाहती थी कि राहुल गौरीगंज आने का कार्यक्रम स्थगित कर अगले कार्यक्रम के लिए जायस चले जाएं। इस बीच राहुल गांधी ने जामों तिराहे पर पहुंचते ही अपना वाहन रोकवा लिया। साथ चल रहे नेताओं से कहा कि शहर में कार्यकर्ता उनका इंतजार कर रहे हैं। वे वहां जरूर जाएंगे।
वे वाहन से नीचे उतरे और पैदल ही शहर की ओर चल पड़े। उनके इस अंदाज से जिला प्रशासन के अधिकारी समेत एसपीजी तक सकते में आ गई। राहुल के आगे और पीछे कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पैदल ही शहर की तरफ चल दिए। इस दौरान राहुल गांधी के साथ करीब सैकड़ों लोगों का हुजूम था। एसपीजी भी उनके साथ पैदल कदम से कदम मिलाती चल रही थी। करीब एक किलोमीटर की पैदल यात्रा के बाद वे शहर के चौक मोड़ पहुंचे। एक-एक कार्यकर्ता से मिले। उसके बाद जायस के लिए रवाना हो गए।
वहीं, कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अमेठी पहुंचे राहुल गांधी के खिलाफ भाजपाइयों का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरे दिन रोड शो करने गौरीगंज आ रहे राहुल के खिलाफ जमा भाजपाइयों पर सख्ती करने की बजाय अमेठी पुलिस ने सांसद के स्वागत में पहुंचे कांग्रेसियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पुलिस की पिटाई से कई कांग्रेसियों को चोटें आई हैं।
पहले दिन अमेठी के सगरा तिराहे पर प्रदर्शन के दौरान भाजपा व कांग्रेस में भिड़ंत के बाद मंगलवार को एक बार फिर बड़ी संख्या में भाजपाई गौरीगंज के मुसाफिरखाना रोड स्थित भाजपा नेता ओपी सिंह के विद्यालय पर जमा हो गए।
भाजपा नेता आशीष शुक्ल, दलजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह बरौलिया, प्रवीण सिंह, सुधांशु शुक्ल, ओपी सिंह के साथ बड़ी संख्या में जमा भाजपाई राहुल गांधी के शहर पहुंचने से कुछ देर पहले सड़क पर आ गए। इसी बीच राहुल का स्वागत करने जा रहे युवक कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजेश तिवारी, राकेश शुक्ल, अशोक हिटलर आदि को देख भाजपाइयों ने राहुल के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।