गोरखपुर रूट से आने वाली चार जोड़ी यानी आठ ट्रेनें अब चारबाग स्टेशन नहीं जाएगी। इस स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव कम करने के लिए ये ट्रेनें बादशाह नगर, ऐशबाग एवं मानक नगर होते हुए सीधे कानपुर की ओर जाएंगी।
रेलवे के इस प्रस्ताव को बोर्ड ने हरी झंडी दे दी है। इन ट्रेनों का आठ नवंबर से बदले हुए रूट से संचालन शुरू हो जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन नंबर 15707 एवं 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12553 एवं 12254 वैशाली एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 11015 एवं 11016 कुशीनगर एक्सप्रेस एवं ट्रेन नंबर 12565 एवं 12566 बिहार संपर्कक्त्रसंति एक्सप्रेस अब चारबाग रेलवे स्टेशन से आवागमन नहीं होगा। यह ट्रेनें आठ नवंबर से मल्हौर, बादशाहनगर, ऐशबाग, मानकनगर के रास्ते सीधे कानपुर जाएंगी।
रेलवे ने इसके लिए ही ऐशबाग से मानकनगर के बीच एक स्पेशल लाइन का भी निर्माण किया गया, जिससे ट्रेनें सीधे ऐशबाग से मानकनगर होते हुए कानपुर की ओर निकल जाएंगी। इन ट्रेनों का ठहराव चारबाग की जगह बादशाह नगर व ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर होगा।
लखनऊ जंक्शन से चलेगी लखनऊ मेल, गोमती एक्सप्रेस
चारबाग स्टेशन से चलने वाली लखनऊ मेल एवं गोमती एक्सप्रेस का संचालन भी लखनऊ जंक्शन से करने की तैयारी है। यदि ऐसा होता है तो यात्री अपने दो या चार पहिया वाहनों के जरिए कैब वे के रास्ते सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे।