लखनऊ में शनिवार सुबह से ही तेज धूप के साथ बादलों की आवाजाही लगी रही। इसके पहले शुक्रवार को भी तेज धूप से सुबह की शुरुआत के बाद दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और इसी बीच बारिश का इंतजार भी जारी रहा। कुछेक इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई, जो उमस और गर्मी से राहत नहीं दे सकी। शाम को हवा के झोंकें और आसमान में बादलों ने मौसम खुशनुमा बनाया। लोगों ने पिकनिक स्पॉट पर सुहाने मौसम का जमकर लुत्फ भी उठाया।
किसी ने सेल्फी लेकर शाम को यादगार बनाया तो किसी ने नारियल पानी और कुल्फी का आनंद लिया। बादलों के छाए रहने के बीच शुक्रवार को दिन भर उमस और चिपचिपी गर्मी से लोग परेशान रहे।
शाम को चली हवा ने गर्मी से थोड़ी राहत दी, लेकिन उमस के कारण यह नाकाफी रही। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था।
उमस 89 फीसदी रही। राजधानी में 2.1 मिमी बारिश रिकाॅर्ड हुई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक, बादल छाए रहेंगे, कुछ इलाकों में बारिश होगी। जल्द ही बारिश सभी इलाकों को कवर करेगी।