लखनऊ में गोमतीनगर के खरगापुर रेलवे क्रॉसिंग पर परचून की दुकान करने वाले सोनू यादव की बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोनू दुकान बंद करके खरगापुर स्थित घर जाने की तैयारी कर रहा था तभी उसके सीने पर गोली मार दी गई। लोहिया अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। इस बीच लूट के बाद परचून दुकानदार की हत्या की खबर फैल गई। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने लूट की बात से इनकार किया है।
2 of 5
मौके से बरामद मृतक का झोला
- फोटो : अमर उजाला
उनका कहना है कि सोनू के पास जो रुपये थे, वह बैग में सुरक्षित हैं। घटनास्थल पहुंची पुलिस को एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली है जिसमें सोनू की दुकान में काम करने वाले दो नौकर नजर आ रहे हैं। फिलहाल दोनों गायब हैं। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि वारदात आपसी रंजिश में अंजाम दी गई है।
3 of 5
दुकानदार की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोनू यादव खरगापुर में रहता था और पास ही रेलवे क्रॉसिंग पर परचून की दुकान करता था। रात को वह दुकान बंद करके अपनी बाइक की तरफ बढ़ा, तभी किसी ने गोली मार दी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और सोनू को लोहिया अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत सहायक पुलिस अधीक्षक उत्तरी सुकीर्ति माधव समेत आसपास के सर्किल के क्षेत्राधिकारी और कई थानों की पुलिस लोहिया अस्पताल पहुंच गई।
4 of 5
दुकानदार की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो सोनू की दुकान के पास ही एक सीसीटीवी कैमरा लगा मिल गया। कैमरे में सोनू की परचून की दुकान पर काम करने वाले दो नौकर दिख रहे हैं। दोनों नौकर कुछ सामान लेकर सोनू की बाइक के पास जा रहे हैं। सोनू की पीठ पर एक बैग नजर आ रहा है जिसमें रुपये रखे हैं। उसका बैग व रुपये पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के पास सुरक्षित हैं जिससे स्पष्ट है कि गोली चलाने वाले लूट के इरादे से नहीं आए थे।
5 of 5
लोकसभा चुनाव
- फोटो : अमर उजाला
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोनू की दुकान में काम करने वाले दोनों नौकर गायब हैं। उनके सामने आने पर कई खुलासे होंगे। पुलिस की टीम दोनों की तलाश कर रही है। उधर, सोनू की मौत की खबर मिलते ही परिवारीजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने हत्या की वजह की जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस लेन-देन के विवाद व अन्य वजहों को खंगाल रही है।