लखनऊ की हसनगंज पुलिस ने टप्पेबाजी की शिकायत करने आए रेस्टोरेंट मालिक रोहित बेरी को चिकन और पिज्जा सहित लंबा-चौड़ा ऑर्डर देकर महकमे की फजीहत करा डाली। रोहित बुधवार सुबह एएसपी ट्रांस गोमती हरेंद्र कुमार के पास शिकायत लेकर गए थे। एएसपी ने हसनगंज कोतवाली में फोन कर पीड़ित का केस दर्ज करने के निर्देश दिए। रोहित कोतवाली पहुंचे, जहां दरोगा राघवेंद्र कुमार व सिपाही सुमित्रा ने उनसे तहरीर लेकर लंबा-चौड़ा ऑर्डर लिखवा दिया।
दरोगा ने कहा कि शाम को एफआईआर की कॉपी लेने आना तो ऑर्डर लेते आना। पीड़ित की आपबीती सोशल मीडिया पर चर्चा में आई तो हड़कंप मच गया। रोहित का निरालानगर में रिफ्यूल के नाम से कैफे है। उन्होंने बताया कि बताया कि मंगलवार दोपहर उनके कैफे में शिवेंद्र नाम का युवक आया और पुलिस लाइंस निवासी आईपीएस अधिकारी के बेटे की बर्थडे पार्टी के लिए ऑर्डर बुक कराया। कैफे कर्मचारी विपिन कुमार ने उसे 15000 रुपये का बजट बताया था।
शिवेंद्र ने आईपीएस अधिकारी बताकर किसी से विपिन की अपने मोबाइल फोन पर बातचीत भी कराई। बातचीत के बाद शिवेंद्र ने कहा कि पूरा पेमेंट चाहिए तो पुलिस लाइन चलना पड़ेगा। विपिन साथ में गया, वहां उसे बताया गया कि साहब मीटिंग में हैं। साथ ही यह भी कहा कि उन्हें पेमेंट देने को कुछ छोटे नोट चाहिए। विपिन शातिर की बातों में आ गया और 7000 रुपये दे दिए। शिवेंद्र कुछ देर में आने की बात कहकर गायब हो गया। काफी देर तक वह नहीं लौटा तो विपिन ने उसके नंबर पर कॉल की जो स्विच ऑफ था।
विपिन ने रेस्टोरेंट मालिक रोहित को पूरा मामला बताया। बुधवार सुबह रोहित ने एएसपी ट्रांस गोमती से मिलकर समस्या बताई। एएसपी ने तत्काल हसनगंज इंस्पेक्टर हरिप्रसाद अहिरवार को फोन कर रोहित की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
रोहित कोतवाली पहुंचे तो अहिरवार ने दरोगा राघवेन्द्र कुमार से पीड़ित की शिकायत सुनने को कहा था। राघवेन्द्र कुमार ने तहरीर तो ले ली, लेकिन बारबेक्यू चिकन, दो मंचूरियन, दो चिकन पिज्जा, दो आलू लहसुन पराठा, दो प्लेट नूडल्स, दो प्लेट फ्रेंच फ्राइज़, एक पनीर पराठा का लंबा-चौड़ा ऑर्डर थमाकर उन्हें शाम को आने को कहा।