लखनऊ के मड़ियांव में रिटायर्ड बैंक मैनेजर व उनकी पत्नी को बंधक बनाकर चार बदमाशों ने घर में लूटपाट की। इस दौरान दंपती पर चाकू से जानलेवा हमला भी किया। बदमाशों के जाने के बाद दंपती के शोर मचाने पर जुटे पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। एएसपी ट्रांसगोमती के मुताबिक आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
रिटायर्ड बैंक मैनेजर व पत्नी को बंधक बना लाखों की लूट, पति-पत्नी पर चाकुओं से किया हमला, तस्वीरें
विरोध पर किया हमला
पीड़ित दंपती के मुताबिक बदमाशों ने पहले रत्ना को चाकू की नोंक पर बंधक बनाने का प्रयास किया। उन्होंने विरोध किया तो चाकू से कई बार हमले कर दिए। इससे वह घायल हो गई। इस बीच आवाज सुनकर मदन मोहन भी बाहर आए तो बदमाश उन पर भी चाकू से हमला करने लगे। इसके बाद दोनों को कुर्सी पर बैठाकर हाथ पैर टेप से बांध दिए। (फर्श पर पड़ा खून।)
'जो चाहे ले लो हमको छोड़ दो'
बदमाशों की गिरफ्त में आ चुके दंपती ने बदमाशों से कहा कि जो चाहिए ले लो पर जान बक्श दो। इसके बाद बदमाशों ने आलमारी की चाबी लेकर नकदी व जेवर खंगालना शुरू कर दिया। (हमले में घायल बैंककर्मी।)
आधे घंटे तक रहे, खंगाला कोना-कोना
दंपती के मुताबिक बदमाश करीब आधे घंटे तक घर के अंदर रहे। घर का कोना-कोना खंगाला। इस दौरान बदमाशों ने 22500 रुपये कैश, दो अंगूठी, चार कीमती घड़ियां, सोने की चेन, चार टॉप्स ले लिए और जाते समय घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
बेटी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों पर केस
एएसपी ट्रांसगोमती हरेंद्र कुमार ने बताया कि मदन मोहन के चार बेटियां और दो बेटे हैं। एक बेटी मीनाक्षी की शादी इंदिरानगर में हुई है। उसके अलावा सभी बच्चे बाहर रहते हैं। लूट की सूचना मिलते ही मीनाक्षी परिवार के साथ पहुंची। उसने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस चौकी से दो सौ मीटर पर वारदात
एसबीआई की कॉलोनी रामराम बैंक चौराहे से महज दो सौ मीटर की दूरी है। चौराहे पर ही पुलिस चौकी है। यहां पर हर वक्त पुलिस तैनात रहती है, लेकिन इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी पुलिस को भनक तक नहीं लगी। सीओ अलीगंज डॉ. मीनाक्षी ने बताया कि रिटायर्ड बैंक मैनेजर के घर से कुछ दूरी पर सीसीटीवी कैमरा लगा है। उसकी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा हो जाएगा।