एसटीएफ कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की मौत के लिए जिम्मेदार मुख्य आरोपी विकास दुबे का पता लगाने के साथ ही उन पुलिसकर्मियों को भी चिह्नित कर रही है, जिन्होंने पुलिस ऑपरेशन की सूचना लीक की। इस संबंध में कुछ सबूत भी मिले हैं।
विकास दुबे के संपर्क में थे चौबेपुर थाने के कई पुलिसकर्मी, एसटीएफ के हाथ लगे कई अहम सबूत
एसटीएफ ने करीब पांच सौ मोबाइल नंबर चिह्नित किए हैं, जिनका सर्विलांस किया जा रहा है। इनमें घटनास्थल से संबंधित चौबेपुर थाने के कई पुलिसकर्मियों के नंबर भी हैं। एसटीएफ ने इन पुलिसकर्मियों को अपने राडार पर लिया है और उनकी आर्थिक पृष्ठभूमि खंगाल रही है। साथ ही विकास दुबे, उसके रिश्तेदारों व करीबियों के नंबर भी सर्विलांस पर ले लिए हैं। इनके फोन नंबरों से पता लगाया जा रहा है कि किन-किन पुलिस कर्मियों से बात हुई।
सूत्रों का कहना है कि चौबेपुर थाने के प्रभारी विनय तिवारी के साथ ही इसी थाने के कई और पुलिसकर्मियों के फोन की सीडीआर से सामने आया है कि वह आरोपी विकास दुबे के संपर्क में थे। थाना प्रभारी के साथ तीन पुलिसकर्मियों व एक होमगार्ड की भूमिका की गहनता से जांच हो रही है। इनसे पूछताछ भी की जानी है।
एसटीएफ के सूत्र बताते हैं कि चौबेपुर थाना प्रभारी से पूछताछ की गई है। हालांकि औपचारिक तौर पर इसका खुलासा नहीं किया जा रहा है। पर, पड़ताल में यह सामने आया है कि विकास दुबे नकली शराब के धंधे के साथ-साथ कई अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त था और स्थानीय पुलिस इस तरफ से आंखें मूंदे हुई थी। एसटीएफ इसके भी साक्ष्य जुटा रही है।
100 से अधिक स्थानों पर छापे, पर नहीं मिला विकास दुबे
कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोपी विकास दुबे 40 घंटे बाद भी पुलिस की पहुंच से दूर है। उसकी तलाश में अब तक 100 से अधिक स्थानों पर दबिश दी जा चुकी है। इतना ही नहीं, उसे पकड़ने के लिए दूसरे राज्यों से भी मदद मांगी गई है। सूत्रों का कहना है कि पड़ोसी राज्य राजस्थान और मध्यप्रदेश में उसकी तलाश की जा रही है। इधर, पुलिस और एसटीएफ पिछले 24 घंटे में पूर्वी व पश्चिमी यूपी के कई जिलों में लगातार छापे मार रही है। विकास के 50 से अधिक करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी के मुताबिक पुलिस की अलग-अलग टीमें काम में लग हुई हैं। जल्द ही विकास दुबे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, चौबेपुर एसओ विनय तिवारी को निलंबित कर उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। एसटीएफ विनय से पूछताछ कर रही है।