सुल्तानपुर के लंभुआ कस्बे में बुधवार शाम टेंपो से अपने घर जा रही युवती को दबंगों ने जबरन एसयूवी में बैठाने की कोशिश की।
विरोध करने पर युवती और टेंपो चालक की पिटाई की। आरोपियों ने युवती के कपड़े फाड़ दिए।कोतवाली क्षेत्र की एक युवती बुधवार शाम अपने ननिहाल से घर वापस लौट रही थी। टेंपो से लौट रही इस युवती के पीछे एक एसयूवी सवार युवक चल रहे थे।
युवकों ने लंभुआ-गरयें मार्ग पर एक चौराहे के समीप टेंपो को ओवरटेक कर रोक लिया। युवकों ने युवती को टेंपो से उतारने की कोशिश की और उसके साथ छेड़खानी करने लगे।
विरोध करने पर युवकों ने युवती और टेंपो चालक को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान दबंगों ने युवती के कपड़े भी फाड़ दिए। शोर सुन ग्रामीणों को इकट्ठा होते देख कर आरोपी भाग निकले।
ग्रामीणों ने एक युवक को वाहन समेत धर दबोचा। साथ ही पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए युवक और वाहन को कब्जे में ले लिया।