लखनऊ के युवाओं में ब्लॉगिंग का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। अपने लेख से समाज को कुछ देने और कुछ अलग करने की चाहत में एक शौक के तौर पर शुरू हुए इस काम से अब उनको आमदनी भी हो रही है। ब्लॉगिंग की दुनिया में कई युवा ऐसे भी हैं जो अपने एक कॅरियर को छोड़कर इस क्षेत्र से जुड़े हैं। इनमें से किसी ने अपनी नौकरी छोड़ी है तो फिर किसी ने अपनी पढ़ाई ताक पर रख दी है। इन युवाओं के लिए शौकिया शुरू हुआ अभियान अब एक कॅरियर के रूप में भी तब्दील हो चुका है।
जुनून ने तलाशी लेखन की नई डगर, सॉफ्टवेयर इंजीनियर से बन गई फैशन ब्लॉगर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की मदद के लिए शुरू किया ब्लॉग
ब्लॉगिंग की दुनिया में 2017 से जुड़े अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि उनका मकसद लखनऊ के विभिन्न इलाकों में ठेले और खोमचे लगाने वाले दुकानदारों की मदद करना था। इन दुकानदारों के पास खाने की लाजवाब क्वालिटी होती है, लेकिन लोग उन्हें नहीं जानते हैं। ऐसे में वे नामी और महंगे रेस्तरां में जाते हैं। अपने ब्लॉग- फ्लेवर्स ऑफ लखनऊ फूड ब्लॉग में उन्होंने इन दुकानदारों को प्रमोट किया। इसका काफी फायदा देखने को मिला। धीरे-धीरे नामी ब्रांड भी उनसे जुड़ने लगे। ये नामी ब्रांड उन्हें भुगतान भी करते हैं। ब्लॉग के बाद फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी यह अभियान जारी रहा। आज इसके लिए उन्होंने खुद की वेबसाइट तक बना ली है। अभिषेक ने बताया कि, इंस्टाग्राम, फेसबुक और ब्लॉगिंग तथा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपकी पोस्ट और तस्वीरों पर मिलने मिलने लाइक्स तथा फॉलोवर्स की संख्या ही आपकी आमदनी का रास्ता खोलती है। आपकी तस्वीरों पर आने वाले हजारों कमेंट को देखकर ब्रांड आपसे संपर्क करते हैं। इसके बाद आपके द्वारा उनके उत्पादों की फोटो अपलोड करने पर बाकायदा भुगतान किया जाता है। भुगतान की सीमा आपके फॉलोवर्स की संख्या देखकर ही तय होती है।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर से बन गई फैशन ब्लॉगर
ब्लॉगिंग के शौक में अनावी ने अपनी नौकरी छोड़ दी। सॉफ्टवेयर इंजीनियर अनावी अब फैशन ब्लॉगर हैं। वे अपने ब्लॉग पर मोबाइल फोन से लेकर लाइफ स्टाइल के अन्य उत्पादों के बारे में लिखती हैं। उनकी अच्छाइयां और उनकी कीमत के बारे में लिखते हुए वे ब्रांड और कंपनियों के संपर्क में आईं। इसके बाद शुरू हो गया ब्लॉगिंग के क्षेत्र में उनका प्रोफेशनल कॅरिअर।
ब्लॉग पर किया खाने के 500 से ज्यादा अड्डों का रिव्यू
लखनऊ विश्वविद्यालय से एमबीए कर रहे हिमांशु ने अपने ब्लॉग शोफूड्ज के माध्यम से लखनऊ में खाने पीने के 500 से ज्यादा स्थानों का रिव्यू दिया। इसके बाद उनके पास ऑफरों की बाढ़ आ गई। हिमांशु राव ने बताया कि उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। अपनी नौकरी भी उन्होंने ब्लॉगिंग करने की वजह से ही छोड़ी। इसके बाद उन्होंने खाने के क्षेत्र में स्थापित नामी कंपनियों के लिए भी अपने ब्लॉग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा। इस समय सोशल मीडिया पर उनके करीब 29 हजार फॉलोवर्स हैं। ब्लॉगर हिमांशु बताते हैं कि इस बात का कोई निश्चित पैमाना नहीं है कि पोस्ट पर कितने लाइक या कमेंट आने पर ब्रांड आपसे संपर्क करेंगे। पर यह माना जाता है कि पांच से दस हजार तक लाइक्स पहुंचने के बाद इसकी शुरुआत होती है। आपकी किस तरह की फोटो पसंद की जाती है इस पर भी यह आंकड़ा काफी हद तक निर्भर हो सकता है।
शौक जो बन गया प्रोफेशन
फैशन ब्लॉगर आरुषि त्रिपाठी बताती हैं कि उन्होंने शौक के तौर पर अपना ब्लॉग शुरू किया था। शुरुआत तो फैशन और ज्वेलरी आदि को लेकर हुई थी। धीरे-धीरे फॉलोवर बढ़ने लगे तो मजा आने लगा। एक समय ऐसा भी आया जब इसके लिए उन्हें पांच सौ रुपये मिले। इसके बाद लगा कि यह तो प्रोफेशन भी बन सकता है। आरुषि के अनुसार शुरुआत में घरवालों ने थोड़ा एतराज किया। उन्हें लगता था कि यह मॉडलिंग जैसा, पर बाद में उनकी गलतफहमी दूर हो गई। अब वे लोग भी सपोर्ट करते हैं। सोशल मीडिया पर 30 हजार फॉलोवर रखने वाली आरुषि के अनुसार वे लखनऊ की खूबसूरती और इसकी आधुनिकता को सोशल मीडिया के माध्यम से दुनिया को दिखानी चाहती हूं।