Yoga Asanas to Get Out of Anxiety and Stress: भागदौड़ भरी जिंदगी में आराम न मिलने के कारण, काम के दबाव के कारण तनाव हो सकता है। तनाव या अवसाद की स्थिति कई गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है। तनाव के कारण सबसे पहले नींद की शिकायत हो जाती है। पूरे दिन के कामकाज के बाद शरीर थक जाता है। वहीं जब वह रात में बिस्तर पर आराम करता है तो नींद नहीं आती है। लोग सोना तो चाहते हैं लेकिन तरह तरह के विचार मस्तिष्क में आने से नींद नहीं आती है। नींद न पूरी होने से थकान, उलझन, आंखों में दर्द और मानसिक व शारीरिक समस्याएं हो सकती हैं। तनाव के कारण अनिद्रा की समस्या को दूर करने के लिए योगासन असरदार होता है।
Yoga Tips: स्ट्रेस की वजह से नहीं आती नींद तो इन योगासनों से करें दिन की शुरुआत
विपरीत करणी आसन
इस आसन को करने के लिए मैट पर आराम से लेट जाएं। हाथों को सीधा जमीन पर रखकर पैरों को ऊपर की ओर उठाएं। पैरों की ऊपर की ओर उठाते हुए 90 डिग्री का कोण बना लें। अब पैरों के साथ नितंबों को भी ऊपर की ओर उठाते हुए नीचे तकिया रख लें। इस स्थिति में कुछ मिनट रहें।
बालासन
वज्रासन की अवस्था में बैठकर माथे को जमीन पर लगा लें। दोनों हाथों को जमीन पर रखकर जांघों से छाती पर दबाव डालें। इस अवस्था में दो-चार मिनट रह सकते हैं। इस आसन से दिमाग और मन शांत रहता है। तनाव दूर होता है और नींद अच्छी आती है।
सुखासन
आराम से बैठकर पैरों को आगे की ओर फैला लें। दाएं पैर को बाएं घुटने के नीचे और बाएं पैर को दाएं घुटने के नीचे रखें। पीठ को एकदम सीधा रखकर आंखों को बंद करें। शरीर को शांत अवस्था में ढीला छोड़ दें। इस अवस्था में कुछ देर श्वास लेते हुए दस मिनट तक इसी मुद्रा में रहें। सामान्य अवस्था में वापस आ जाएं।
नोट: यह लेख योग गुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।