Obesity And Sleep Link: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में बहुत से लोग अपनी नींद के साथ समझौता करते हैं। देर रात तक काम करना, मोबाइल चलाना या सिर्फ दिनचर्या में व्यस्त रहना, इसका सीधा असर हमारी नींद की गुणवत्ता पर पड़ता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अपर्याप्त नींद केवल थकान का कारण नहीं बनती, बल्कि यह आपके वजन को भी सीधे तौर पर प्रभावित कर सकती है? कई वैज्ञानिक शोधों में यह बात सामने आई है कि कम सोने और मोटापा के बीच एक गहरा संबंध है।
Obesity: क्या कम सोने से वजन बढ़ता है, जानें अधूरी नींद से मोटापा का क्या है संबंध?
अक्सर लोग किसी न किसी कारण से अपनी 7-8 घंटे की नींद पूरी नहीं कर पाते हैं। इससे उनके सेहत पर कई नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, उन्हीं में से एक है वजन बढ़ना। आइए इस लेख में इसी के बारे में जानते हैं कि नींद की कमी का वजन बढ़ने से क्या संबंध है?
भूख बढ़ाने वाले हार्मोन का असंतुलन
नींद की कमी दो प्रमुख हार्मोन को असंतुलित करती है, ग्रेलिन और लेप्टिन। ग्रेलिन को 'भूख हार्मोन' भी कहा जाता है, ये हार्मोन शरीर में तब बनना शुरू होता है जब आपकी नींद पूरी नहीं होती है। वहीं कुछ लोग लेप्टिन को 'संतुष्टि वाला हार्मोन' भी कहते हैं, जो नींद की कमी की वजह से घटता है। इस असंतुलन के कारण, हमें बार-बार भूख लगती है और हम ज्यादा खाते हैं, जिससे वजन बढ़ता है।
ये भी पढ़ें- Zoonotic Diseases: इंसानी सेहत पर मंडरा रहा जूनोटिक बीमारियों का गंभीर खतरा, भारत बनाता जा रहा है 'हॉटस्पॉट'
मेटाबॉलिज्म का धीमा होना
कम सोने से हमारा मेटाबॉलिज्म यानी कैलोरी जलाने की दर भी धीमी हो जाती है। इसका मतलब है कि शरीर उतनी कुशलता से कैलोरी नहीं बर्न पाता, जिससे अतिरिक्त कैलोरी फैट के रूप में जमा होने लगती है।
ये भी पढ़ें- Health Tips: पेट में गैस की समस्या से तुरंत आराम दिला सकते हैं ये घरेलू उपाय
गलत खाने की आदतें और तनाव
अधूरी नींद हमें ज्यादा मीठा, तला हुआ और कार्बोहाइड्रेट वाला भोजन खाने के लिए प्रेरित करती है। जब हम थके होते हैं, तो हमारा दिमाग तुरंत ऊर्जा पाने के लिए ऐसे भोजन की तलाश करता है। इसके अलावा, नींद की कमी तनाव (स्ट्रेस) हार्मोन, कोर्टिसोल, को बढ़ाती है, जो पेट के आसपास फैट जमा होने का एक प्रमुख कारण है।
वजन को नियंत्रित रखने के लिए रोजाना 7-8 घंटे की अच्छी नींद लेना बेहद जरूरी है। सोने का एक निश्चित समय तय करें, सोने से पहले मोबाइल और लैपटॉप से दूरी बनाएं और इसके साथ ही जिस कमरे में सोना हो उसमें अंधेरा और शांती रखें। ये आदतें न केवल आपके वजन को नियंत्रित करेंगी, बल्कि आपके समग्र स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाएंगी।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।