भारत सहित दुनिया के कई देशों में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पिछले कुछ हफ्तों में तेजी से बढ़ती हुई रिपोर्ट की जा रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा कि पिछले चार हफ्तों के दौरान नए कोविड-19 के मामलों में 52 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जोकि चिंताजनक है। कई देशों में इसके कारण अस्पतालों में रोगियों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। भारत में कोरोना ने पिछले आठ महीनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
Covid-19: इस राज्य में 24 घंटे में 200% से अधिक बढ़े केस, JN.1 वैरिएंट को लेकर क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
इन राज्यों में तेजी से बढ़े संक्रमण के मामले
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देश के कई राज्यों में कोरोना के मामले पिछले दिनों बढ़े हैं। केरल और कर्नाटक सबसे ज्यादा प्रभावित प्रदेश हैं। कर्नाटक में शुक्रवार को 78 नए मामले सामने आए जो एक दिन पहले के 24 केस के हिसाब से 225 प्रतिशत अधिक है।
हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, राहत की खबर ये है कि देश में अब भी कोरोना की रिकवरी रेट काफी अच्छी (98.81 फीसदी) है, जिसका मतलब है कि लोग भले ही संक्रमित हो रहे हैं पर आसानी से ठीक भी हो रहे हैं।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
कोरोना के बढ़ते खतरे को लेकर मेदांता में चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया कहते हैं, नया कोविड वैरिएंट JN.1 प्रमुख रूप में उभर रहा है लेकिन अस्पताल में भर्ती होने या मौतों की संख्या में वृद्धि ज्यादा नहीं है, इसे माइल्ड वैरिएंट कहा जा सकता है। इस वैरिएंट के कारण संक्रमण तेजी से फैल रहा है क्योंकि यह अधिक संक्रामक है और इसमें प्रतिरक्षा से बचाव वाले तंत्र हैं।
वहीं, इंडियन SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम' (INSACOG) के चेयरमैन डॉ. एनके अरोड़ा कहते हैं, कोरोना से घबराने की नहीं हमें सतर्क रहने की जरूरत है। JN.1 के लक्षण पिछले वैरिएंट्स से बहुत समान हैं। इसके कारण लोगों में गंभीर रोग विकसित होने का खतरा भी कम ही है।
क्या नए वैरिएंट पर असरदार है वैक्सीन?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि कोरोना की वैक्सीन इस नए वैरिएंट के खतरे से भी सुरक्षित रखने में मददगार है। बूस्टर खुराक कमजोर इम्युनिटी वाले रोगियों को समय के साथ प्रतिरक्षा बनाए रखने में मदद कर सकती है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, लगभग 95 प्रतिशत नागरिकों को कोविड-19 वैक्सीन की पहली दो खुराकें मिल चुकी हैं। लगभग एक चौथाई को तीसरी या बूस्टर खुराक मिल चुकी है। डॉक्टर कहते हैं, तीनों डोज ले चुके लोगों में इस नए वैरिएंट के कारण ज्यादा खतरा नहीं देखा जा रहा है, हालांकि बचाव के उपाय करते रहना सभी के लिए आवश्यक है।
JN.1 के लिए खास टीके लाने की तैयारी
कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच, पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया जल्द ही भारत में JN.1 वैरिएंट के खिलाफ टीके लाने की तैयारी कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी, वैक्सीन के लाइसेंस के लिए आवेदन करने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट में कंपनी के एक प्रवक्ता के हवाले से कहा गया है कि वैक्सीन की प्रभाविकता की रिपोर्ट नियामकों को सौंपे जाने के बाद दस्तावेजों को जनता के साथ साझा किया जाएगा।
--------------------
स्रोत और संदर्भ
Are COVID-19 symptoms still the same?
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।