सर्दियों में कमरे को गर्म रखने के लिए क्या आप भी रूम हीटर या ब्लोअर जैसे उपकरणों का इस्तेमाल करते हैं? अगर हां तो सावधान हो जाइए। बंद कमरे में इस तरह के उपकरणों का प्रयोग करना आपके लिए कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं के साथ कुछ मामलों में घातक भी हो सकता है।
Room Heater: रूम हीटर का करते हैं इस्तेमाल तो जरूर पढ़िए ये खबर, इससे हो सकते है कई गंभीर दुष्प्रभाव
बढ़ सकती है कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, रूम हीटर का इस्तेमाल करते समय कुछ सावधानियों को ध्यान में रखना बहुत जरूरी है। जिस भी कमरे में आप हीटर का प्रयोग कर रहे हैं वहां वेंटिलेशन की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए। बंद कमरे में हीटर का अत्यधिक उपयोग करने से हवा में कार्बन मोनोऑक्साइड या नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का स्तर बढ़ सकता है। ये आंख, नाक और गले में जलन पैदा कर सकता है।
इसके अलावा कार्बन मोनोऑक्साइड के उच्च स्तर में सांस लेने से विषाक्तता हो सकती है, जिसके परिणामस्वरूप सिरदर्द, चक्कर आना, मतली जैसे लक्षण हो सकते हैं। कुछ मामलों में यह घातक भी हो सकता है। हीटर का अधिक इस्तेमाल भी खतरनाक हो सकता है।
कम हो जाती है हवा में नमी
रूम हीटर कमरे की हवा को शुष्क बना देता है जिसके परिणामस्वरूप हवा में नमी कम होने के कारण त्वचा, आंखों में सूखापन के कारण जलन-खुजली होने लगती है, गला सूखने लगता है। लंबे समय तक ऐसा करते रहने के कारण श्वसन संबंधी समस्याएं, नाक बंद होने और संक्रमण की आशंका भी बढ़ सकती है।
एलर्जी और अस्थमा की बढ़ सकती है दिक्कत
रूम हीटर के कारण हवा में कम हुई नमी आपमें कुछ प्रकार की एलर्जी की समस्या को भी ट्रिगर करने वाली हो सकती है। पहले से ही संवेदनशील व्यक्तियों या फिर जिन लोगों को अस्थमा या सांस की समस्या रही है, उनमें लक्षण और भी बिगड़ सकते हैं।
ये सावधानियां जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं जब भी इस तरह के उपकरणों का इस्तेमाल करें तो कमरे में ताजे हवा के प्रवेश की उचित व्यवस्था जरूर रखें। खिड़कियों-दरवाजों को खोलकर ही हीटर का प्रयोग किया जाना चाहिए। ध्यान रखें कभी भी बंद कमरे में हीटर जलाकर न सोएं ये गंभीर समस्याकारक हो सकती है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।