दुनियाभर के लोग कई महीनों से कोरोना की वैक्सीन का इंतजार कर रहे थे, जो अब खत्म होता दिख रहा है। ब्रिटेन में जहां टीकाकरण शुरू हो चुका है, वहीं अमेरिका में भी इसकी शुरुआत होने ही वाली है। दरअसल, हाल ही में अमेरिका ने फाइजर की वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल को मंजूरी दी है। अमेरिका रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र की टीकाकरण से जुड़ी समिति ने शनिवार को 16 साल और इससे ज्यादा उम्र के लोगों को टीका देने के समर्थन में मतदान किया। यह टीका लगाए जाने के साथ ही अमेरिका के इतिहास में सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो जाएगी। आइए जानते हैं वैक्सीन से जुड़े ताजा अपडेट्स...
Coronavirus Vaccine: कोरोना वैक्सीन पर अमेरिका और कनाडा से आई अच्छी खबर, जानिए ताजा अपडेट्स
फाइजर कंपनी ने कोरोना के टीकों की पहली खेप मिशिगन स्थित अपने गोदाम से रवाना भी कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोदाम से ट्रकों में भरकर टीकों की 1,84,275 शीशियों को रवाना किया गया। ये खेप अमेरिका में पहले से तय 636 जगहों पर पहुंचाई जाएगी। 'ऑपरेशन वार्प स्पीड' के तहत अगले हफ्ते में राज्यों के 636 अस्पतालों और क्लीनिकों में यह टीका पहुंचाया जाएगा। दरअसल, अमेरिका में कोरोना की यह वैक्सीन ऐसे समय में उपलब्ध हुई है, जब वहां संक्रमण की वजह से अस्पताल में भर्ती लोगों की संख्या सबसे अधिक है। अभी सर्दियों का मौसम चल रहा है, ऐसे में विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि जब तक एक बड़ी आबादी को वैक्सीन नहीं लग जाती, तब तक स्थिति खराब ही बनी रहने की आशंका है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति माइक पेंस से जुड़े व्हाइट हाउस में उनके कुछ अधिकारियों को इस सप्ताह की शुरुआत में कोरोना वायरस का टीका लगा दिया जाएगा। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले की जानकारी रखने वाले दो अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। उनका कहना है कि ऐसा करने के पीछे का मकसद व्हाइट हाउस में कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकना है।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शुरुआत में व्हाइट हाउस के कितने अधिकारियों को टीका लगाया जाएगा और डोनाल्ड ट्रंप और माइक पेंस को भी यह टीका लगाया जाएगा या नहीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फाइजर की वैक्सीन का सार्वजनिक वितरण स्वास्थ्य कर्मियों और नर्सिग होम और देखभाल केंद्रों में काम करने वाले लोगों तक ही सीमित होगा।
कनाडा पहुंची कोरोना वैक्सीन की पहली खेप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कनाडा में भी कोरोना वैक्सीन की पहले खेप पहुंच चुकी है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने रविवार को एक तस्वीर ट्वीट की थी, जिसमें वैक्सीन की शीशियों को विमान से उतारते देखा जा सकता है। दरअसल, कनाडा के स्वास्थ्य नियामक ने हाल ही में फाइजर-बायोएनटेक की वैक्सीन को मंजूरी दी थी। देशभर में वैक्सीन को 14 वितरण स्थलों में भेजा जाएगा। ऐसी संभावना है कि सबसे पहले क्यूबेक प्रांत में टीका लगाना शुरू किया जाएगा। कनाडा सरकार ने हाल ही में फाइजर और बायोएनटेक के साथ अपने करार में संशोधन किया है ताकि वो इस महीने दो लाख 49 हजार टीकों का वितरण कर सकें।