जम्मू संभाग के राजोरी जिले में भाजपा नेता के घर पर बीते दिन हुए हमले के चलते शुक्रवार को संपूर्ण बंदी है। सभी दुकानें बंद हैं। पुलिस और सीआरपीएफ की टीमों का चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा है। इस हमले को लेकर उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि राजोरी में एक नेता के घर पर हुए कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमले में दो साल के बच्चे की मौत हुई है साथ ही अन्य लोग घायल हुए हैं, घायलों के ठीक होने की प्रार्थना और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। इस जघन्य कृत्य के दोषियों को जल्द ही न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
वहीं, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि कुछ चाहते हैं कि आतंकवाद जारी रहे क्योंकि ऐसे लोग पिछले तीन दशकों में इस तरह की तबाही में ही फले-फूले हैं। इन्हीं ताकतों के दम पर वो चुनाव लड़ते हैं और सिर्फ दस फीसदी मतदान के साथ सांसद-विधायक के रूप में चुने जाते हैं।
बता दें कि जिले के खानडली में भाजपा के मंडल प्रधान जसबीर सिंह के घर पर गुरुवार रात आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया। इसमें मंडल प्रधान समेत परिवार के सात लोग घायल हो गए। जिनका उपचार चल रहा है। हमले में दो साल के बच्चे की मौत भी हुई है। घायलों के अस्पताल पहुंचने पर वहां डॉक्टरों के उपलब्ध न होने पर लोगों ने जमकर बवाल किया। अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे डीसी, डीआईजी के साथ भी भीड़ ने धक्कामुक्की की।
2 of 5
राजोरी में बीजेपी नेता जसबीर सिंह के घर पर ग्रेनेड हमला
- फोटो : अमर उजाला
घटना रात लगभग नौ बजे की बताई जा रही है। मंडल प्रधान परिवार के कुछ अन्य सदस्य घर में बैठे थे कि अचानक जोरदार धमाका हुआ। इससे जसवीर सिंह, उनके पिता सहित परिवार के सात सदस्य घायल हो गए। सभी को जीएमसी राजोरी में भर्ती कराया गया है।
3 of 5
राजोरी में बीजेपी नेता जसबीर सिंह के घर पर ग्रेनेड हमला
- फोटो : अमर उजाला
वहीं, भाजपा नेता के घर पर आतंकी हमले की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया और घर की जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। डीसी राजोरी ने बताया कि ग्रेनेड कहां से फेंका गया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस हमले में एक बच्चे की मौत हो गई, सात लोग घायल हुए हैं।
4 of 5
ग्रेनेड हमला
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा नेता के परिवार के सदस्यों को जब जीएमसी पहुंचाया गया, तो वहां डॉक्टरों के समय पर न पहुंच पाने के चलते बवाल की स्थिति बन गई।
5 of 5
ग्रेनेड हमला
- फोटो : अमर उजाला
अस्पताल में भाजपा कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों ने डॉक्टर व जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में तोड़फोड़ की। काफी समय तक स्थिति तनावपूर्ण रही।