आज (1 दिसंबर 2017) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) अपनी 52वां सालगिरह मना रहा है। बीएसएफ भारत की सीमा सुरक्षा के लिए प्रथम पंक्ति का सुरक्षाबल है जिसे अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा का जिम्मा दिया गया है।
जम्मू कश्मीर में करीब 165 किमी की सीमा पर अनेकों पोस्टों पर बीएसएफ के जवान दिन रात देश की सुरक्षा के लिए तैनात रहते हैं। तस्वीरों में देखें भारत के जांबाज रक्षक कैसे करते हैं देश की हिफाजत।
सीमा सुरक्षा बल देश की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा का जिम्मा संभालती है। जम्मू कश्मीर से लगने वाली भारत पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ के जवान दिन रात पूरी चौकसी से निगरानी करते हैं।
बीएसएफ के जवान देश की रक्षा के लिए अत्याधुनिक सर्विलांसिंग और मारक उपकरणों से लैस होते हैं। बीएसएफ सीमा पर निगरानी के लिए थर्मल इमेजिंग डिवाइस, हाइटेक राडारों और नाइट विजन कैमरों का इस्तेमाल करती है।
सीमा पर घुसपैठ या किसी अप्रिय स्थिति अथवा हमले से निपटने के लिए बीएसएफ के जवानों द्वारा हाइटेक हथियारों का इस्तेमाल किया जाता है। इन हथियारों में हाइटेक मोर्टार लांचर और ऑटोमेटिक मशीन गन्स समेत कई नई तकनीकी के आयुध शामिल हैं।