घाटी में भेजे जाने वाले लश्कर आतंकियों को पीओके में किस तरह की उच्च स्तरीय ट्रेनिंग दी जाती है, इसका वीडियो घाटी के सुरक्षा एजेंसियों के हाथ लगा है। माना जा रहा है कि यह वीडियो कुछ महीने पहले उत्तरी कश्मीर में पकड़े गए लश्कर आतंकी से बरामद हुआ है।
कुल 4 मिनट 52 सेकेंड के इस वीडियो में लश्कर आतंकियों को दी जाने वाली कठिन ट्रेनिंग देखी जा सकती है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की ओर से इस वीडियो के बारे में अभी कुछ भी बताया नहीं जा रहा है। वीडियो में आतंकियों को फायरिंग एंड रोलिंग, कौमबेट ऑपरेशन, होसटाइल सिचुएशन, कवर फायरिंग आदि तकनीकों के साथ नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ के तरीके भी सीखते देखा जा सकता है। वीडियो में आतंकियों को नियंत्रण रेखा पर लगी कई फीट ऊंची कटीली तारों को भी सीढ़ी से पार करते देखा जा सकता है।
यह भी ट्रेनिंग का हिस्सा है। हाल ही में उत्तरी कश्मीर में घुसपैठ के दौरान मारे गए आतंकियों से भी एल्यूमिनियम की दो फोल्डिंग चाइनीज सीढ़ियां बरामद की गई थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आतंकी रणनीति में बदलाव ला चुके हैं। सूत्रों की माने तो सुरक्षा एजेंसियों को यह वीडियो और जानकारी लश्कर के उस जिंदा आतंकी से मिली हैं जिसे इस वर्ष अप्रैल के महीने में गिरफ्तार किया गया था।
इस दौरान घुसपैठ की कोशिश को नाकाम बनाते हुए पांच आतंकियों को ढेर किया गया था। जबकि यह आतंकी घायल होने के बाद भाग निकला था, जिसे बाद में गिरफ्तार किया गया था। जबी उल्लाह नाम का यह लश्कर आतंकी पाकिस्तान के मुल्तान का रहने वाला है।