स्कूल खुलते ही श्रीनगर में सोमवार को फिर हिंसा भड़क उठी। छात्रों के साथ ही छात्राओं ने भी हिंसक प्रदर्शन किए। सुरक्षा बलों पर पथराव करने के साथ ही प्रदर्शन किया गया। यह सिलसिला काफी देर तक चला।
सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। स्थिति को काबू में करने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई। पथराव में एसएसपी, एसपी पूर्व सहित चार पुलिस अधिकारी तथा दर्जन भर जवान घायल हो गए। विरोध प्रदर्शन से पूरे लाल चौक इलाके में दिनभर अफरातफरी की स्थिति रही।
घाटी में श्रीनगर और चाडूरा में ही सोमवार को हिंसा की घटना हुई। सोमवार सुबह एसपी कालेज के छात्रों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
वे पुलवामा डिग्री कालेज में छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उन्होंने रास्ता जाम कर दिया। इस दौरान सुरक्षा बलों के जवानों तथा उनके वाहनों पर पथराव किया गया। लाठियों से गाड़िया तोड़ी गईं।
इसके कुछ ही देर बाद महिला कालेज की छात्राओं ने भी प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने सुरक्षा बलों पर जबर्दस्त पथराव किया। स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। इसके बाद भी विरोध प्रदर्शन नहीं थमा तो हवाई फायरिंग करनी पड़ी।