हर की पौढ़ी में बर्थडे मनाने गए तीन दोस्त पानी में बह गए। इनमें से एक ने तो तैर कर जान बचा ली, जबकि दो पानी के तेज बहाव में बह गए। दोनों का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग पाया।
लापता होने वाले दोनों सगे भाई हैं, जो दसवीं और बारहवीं कक्षा के छात्र हैं, जबकि तैर कर बचने वाला इंजीनियर है। देर शाम तक दोनों की तवी नदी से लेकर मकवाल बार्डर तक तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। तीनों बीएसएफ कर्मियों के बच्चे हैं, जो पलोड़ा बीएसएफ कैंप में रहते हैं। लापता होने वालों में सूर्या प्रताप और आदर्श कुमार शामिल हैं। जो मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं, लेकिन इस समय अपने पिता प्रभुनाथ जो बीएसएफ कर्मी हैं, के पास रहते हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सूर्या प्रताप बारहवीं कक्षा, जबकि उसका छोटा भाई आदर्श दसवीं कक्षा में पढ़ता है। बुधवार को सूर्या प्रताप का जन्मदिन था। वह इसे सेलिब्रेट करने के लिए अपने इंजीनियर दोस्त मूल रूप से उत्तर प्रदेश और इस समय पलोड़ा में रहने वाले राजन कुमार के साथ हर की पौढ़ी पहुंचे।
दोपहर करीब डेढ़ बजे वे नहाने के लिए तवी नदी में गए। तभी तवी में अचानक पानी का स्तर बढ़ गया और वे इसकी चपेट में आ गए। एसएसपी जम्मू सुनील गुप्ता का कहना है कि दोनों छात्रों की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
पानी में बहने के बाद राजन तैर कर एक कोने पर पहुंच गया और अपने दोनों दोस्तों की मदद के लिए चीखने लगा। राजन की आवाज सुनकर कुछ और लोग उसकी तरफ पहुचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से राजन को एक कोने से निकाल कर बाहर लाया गया। तब उसने बताया कि तीनों नहा रहे थे और पानी एकदम से बढ़ गया। तीनों पानी में डूबने लगे। उसने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का तेज बहाव उन्हें बहा ले गया।