दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों पर हुआ हमला भले ही बच गया हो, लेकिन आतंकियों की घबराहट और कायरता एक बार फिर सामने आ गई है। नौपोरा अखरन इलाके में दोनों आतंकी अपनी पहचान छिपाने के लिए पारंपरिक कश्मीरी लिबास ‘फेरन’ पहने हुए थे। आतंकियों ने अपने हथियार फेरन के अंदर ही छिपा रखे थे और इन्हें वारदात से ठीक पहले बाहर निकाला था
2 of 11
कुलगाम आतंकी हमला
- फोटो : बासीत जरगर
हमलावरों का मकसद केवल हमला करना नहीं था
दोपहर करीब 2:15 बजे सुरक्षाबल नियमित नाका चेकिंग और एरिया डोमिनेशन ड्यूटी पर तैनात थे। सूत्रों के अनुसार हमलावरों ने सीआरपीएफ के नाके के बिल्कुल करीब पहुंचते ही फेरन के भीतर से स्वचालित हथियार निकाले और जवानों पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। हमलावरों का मकसद केवल हमला करना नहीं था, बल्कि सुरक्षाबलों को अचानक नुकसान पहुंचाकर उनके हथियार लूटना भी था।
3 of 11
कुलगाम आतंकी हमला
- फोटो : बासीत जरगर
हमले की टाइमिंग और लोकेशन से उठे सवाल
इस हमले की टाइमिंग और लोकेशन कई गंभीर सवाल खड़े करती है। घटना के वक्त महज 14 किलोमीटर दूर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ‘वेशो फेस्टिवल’ के उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों के पास आतंकी गतिविधियों का पुख्ता इनपुट पहले से था, जिसके चलते सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया था। आतंकियों की मंशा भीषण रक्तपात करने की थी, लेकिन नाके पर तैनात जवान गोलियां लगने के बावजूद डटे रहे और जवाबी कार्रवाई करते हुए आतंकियों को उल्टे पांव भागने पर मजबूर कर दिया।
4 of 11
कुलगाम आतंकी हमला
- फोटो : बासीत जरगर
क्यों बड़ा नुकसान नहीं कर सके आतंकी?
वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार यदि नाके पर तैनात सुरक्षाबल इतने मुस्तैद न होते तो आतंकी किसी बड़े लक्ष्य को निशाना बना सकते थे। खुफिया इनपुट के आधार पर पूरे दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा ग्रिड को पहले ही त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया था। कड़ी नाकाबंदी और घेराबंदी के कारण आतंकियों को आगे बढ़ने का रास्ता नहीं मिला और हताशा में उन्होंने नाके पर ही गोलियां चला दीं।
5 of 11
बढ़ाई गई चौकसी
- फोटो : अमर उजाला
22 जुलाई के बाद सुरक्षाबलों पर दूसरा बड़ा टारगेट अटैक
दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर किया गया यह दूसरा बड़ा टारगेट किलिंग हमला है। इससे पहले 22 जुलाई को अनंतनाग के अत्यंत व्यस्त लाल चौक इलाके में आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की गोली मारकर शहादत कर दी थी। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि घाटी में सुरक्षाबलों के कड़े नियंत्रण और आतंकियों के नेटवर्क के ध्वस्त होने से आतंकी संगठन हताश हैं। वे अपनी मौजूदगी दर्ज कराने और भय का माहौल बनाने के लिए सुरक्षाबलों के छोटे नाकों और जवानों को सॉफ्ट टारगेट बनाने की फिराक में हैं।