कश्मीर घाटी के पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को लगातार तीसरे दिन बर्फबारी हुई। लंबे समय के बाद प्रकृति फिर गुलमर्ग पर मेहरबान हो गई है। बर्फबारी से घाटी के इस मनमोहक पर्यटन स्थल पर एक से बढ़ एक सुंदर नजारे देखने को मिल रहे हैं।
Gulmarg Snowfall: बर्फबारी से गुजलार गुलमर्ग , पर्यटकों और कारोबारियों के खिले चेहरे, देखें शानदार तस्वीरें
कश्मीर घाटी के पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को लगातार तीसरे दिन बर्फबारी हुई। लंबे समय के बाद प्रकृति फिर गुलमर्ग पर मेहरबान हो गई है। बर्फबारी से घाटी के इस मनमोहक पर्यटन स्थल पर एक से बढ़ एक सुंदर नजारे देखने को मिल रहे हैं।
चारों ओर बर्फ की चादर सी बिछी नजर आ रही है, जिसकी खूबसूरती किसी का मन मोह ले। इन्हें देखने के लिए पर्यटक खींचे चले आ रहे हैं। यहां बिताए खूबसूरत पलों को कैमरे में कैद करते हुए पर्यटक नजर आ रहे हैं। कोलकाता से गुलमर्ग पहुंचे अनिंदा और देओतिमा ने कहा कि उन्होंने 23 जनवरी के लिए टिकट बुक कराए थे। मौसम का पूर्वानुमान देखने के बाद अपनी यात्रा स्थगित कर दी थी। फिर 25 जनवरी को यहां पहुंचे, तो बर्फबारी देखने का सौभाग्य मिला। यहां आकर बहुत रोमांचित हैं। बर्फबारी के बाद कश्मीर सचमुच स्वर्ग जैसा दिखता है।
महाराष्ट्र के नागपुर से आए पर्यटक मोहम्मद इमरान ने कहा कि बर्फबारी के बाद वह फिर से गुलमर्ग रिसॉर्ट लौट आए हैं। दो दिन पहले तक यहां कुछ भी नहीं था। मैदान खाली दिख रहा था। इसके बाद हम श्रीनगर चले गए। इस बीच पता चला कि गुलमर्ग में बर्फबारी हुई है, तो फिर से गुलमर्ग आ गए। बर्फबारी के बाद अब बेहद खूबसूरत नजारा देखने को मिल रहा है। बंगलुरु से माता-पिता और बहन के साथ कश्मीर आए आर्यन ने कहा कि यहां अलग तरह का अहसास हो रहा है। स्वर्ग जैसा लग रहा है।
मुंबई से आए 15 सदस्यीय पर्यटक समूह में शामिल अंकित मकाने ने सोनमर्ग में बर्फ का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि यह वास्तव में स्वर्ग जैसा लगता है। कश्मीर बहुत खूबसूरत है। बर्फबारी से न केवल पर्यटक उत्साहित हैं, बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों में भी खुशी है। गुलमर्ग में स्थानीय पर्यटन सेवा प्रदाता परवेज़ अहमद ने कहा हमें बहुत खुशी हो रही है। अब न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि हमारी जीविका के लिए भी महत्वपूर्ण है।
एक अन्य हितधारक अब्दुल राशीद ने कहा कि लंबे समय तक सूखे के कारण आजीविका प्रभावित हो रही थी। बर्फबारी आशीर्वाद के रूप में हुई है। राशिद ने कहा कहा कि दो महीनों से ज्यादा काम नहीं था। बर्फ से संबंधित गतिविधियां शुरू हो गई हैं। इस बीच अधिकारियों ने पर्यटन स्थल सोनमर्ग और गुलमर्ग जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए सलाह जारी की है।
बर्फबारी से श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद
उन्होंने कहा है कि फिसलन की स्थिति के कारण केवल 4X4 वाहनों और एंटी-स्किड चेन वाले वाहनों को गुलमर्ग और सोनमर्ग की ओर जाने की अनुमति दी जाएगी। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है।
लंबे समय तक शुष्क मौसम के बाद रविवार को कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई। इससे श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर जोजिला दर्रे पर हल्की बर्फबारी हुई है, जबकि सोनमर्ग स्वास्थ्य रिसॉर्ट में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। जोजिला दर्रा और सोनमर्ग में लगभग 2 से 3 इंच बर्फ गिरी है। इससे हर तरफ सफेद चादर दिखाई दे रही है।
वहीं, बर्फ और फिसलन भरी सड़क की स्थिति को देखते हुए ज़ोजिला दर्रे पर यातायात बंद कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) से मंजूरी मिलने के बाद यातायात की अनुमति दी जाएगी। सब डिविजनल मजिस्ट्रेट कंगन द्वारा जारी एक सलाह में कहा गया है कि सड़क की सतह पर बर्फबारी और पाले के कारण फिसलन भरी सड़क की स्थिति को देखते हुए यह आदेश दिया गया है। केवल एंटी-स्किड चेन वाले वाहनों और 4x4 वाहनों को गगनगीर से सोनमर्ग और वापस जाने की अनुमति दी जाएगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और अगले आदेश तक लागू रहेगा।