राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से कल राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) -2017 आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रदेश की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक है। ऐसे में इसके लिए चाक चौबंद व्यवस्था के इंतजाम किए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक इस परीक्षा में दस लाख के करीब परीक्षार्थी बैठेंगे। परीक्षा के दौरान आपकी एक छोटी से लापरवाही बड़ी परेशानी का सबब बन सकती है। ऐसे में कुछ सावधानियां हैं जो आपको बरतनी होंगी।
सीसीटीवी, जैमर व वीडियोग्राफी की व्यवस्था
परीक्षा में नकल करने की कोशिश न करें। नकल व अनुचित साधनों की रोकथाम के लिए कडे़ इन्तजाम किए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी की सभी गतिविधियां सी.सी.टी.वी. कैमरा, जैमर और विडियोग्राफर की जद में रहेगी।
पहुंचना होगा इतनी देर पहले
परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारम्भ होने से न्यूनतम एक घंटे पहले पहुंचना होगा। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सुरक्षा की दृष्टि से न्यूनतम दो पुलिस कर्मी, दो महिला पुलिस कर्मी और दो होमगार्ड के जवान तैनात किये गये है। संवेदनशील और अतिसंवेदशनशील परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।
वरना नहीं दिया जाएगा प्रवेश
स्तर द्वितीय (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा प्रथम पारी सुबह 10.00 बजे से 12.30 बजे तक तथा स्तर प्रथम (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा द्वितीय पारी दोपहर 2.30 बजे से 5.00 बजे तक होगी। परीक्षा प्रारम्भ होने के बाद प्रथम पारी में सुबह 10.00 बजे तथा द्वितीय पारी में दोपहर 2.30 बजे बाद परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
यह सामान ले जाएं अपने साथ
परीक्षा के समय परीक्षार्थी डाउनलोड किये गये प्रवेश पत्र के साथ अपनी पहचान के संबंध में फोटोयुक्त आईडी प्रूफइसकी स्व प्रमाणिक फोटो प्रति जैसे आधार कार्ड, ड्राईविंग लाईसेंस, पेनकार्ड, वोटर पहचान कार्ड, शिक्षण संस्था का पहचान पत्र इनमें से कोई एक आवश्यक रूप से अपने साथ रखे अन्यथा प्रवेश वर्जित होगा।