संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म 'पद्मावती' जो अब 'पद्मावत' हो गई है, को लेकर फिर से बवाल खड़ा हो गया। दरअसल अब विवाद की वजह है 'पद्मावती' को सेंसर बोर्ड से मिला सर्टिफिकेट और 25 जनवरी की रिलीज डेट। यह खबर आने के बाद करणी सेना और राजपूत समाज फिर से सड़कों पर उतरने को तैयार है। हालांकि 'पद्मावती' से 'पद्मावत' हुई भंसाली प्रोडेक्शन की यह फिल्म कई हिंदी राज्यों में बैन हो चुकी है।
नुकसान होना माना जा रहा है तय
भंसाली की यह फिल्म पहले बीते वर्ष एक दिसंबर को रिलीज होनी थी। लेकिन करीब डेढ़ माह चले प्रदर्शन और देशभर में उठे विरोध के सुरों के बीच इसका प्रदर्शन टाल दिया गया था। इस दौरान भारी विरोध और जनभावनाओं का हवाला देते हुए उत्तर भारत के कई राज्यों ने फिल्म को रिलीज होने से पूर्व ही बैन कर दिया था। बैन पर कई राज्यों की सरकारों ने कहा था कि इतिहास से छेड़छाड़ करने का अधिकार किसी फिल्म निर्माता को नहीं है। यदि यह रिलीज भी होती है तो फिल्म निर्माताओं का अर्थिक नुकसान होना तय माना जा रहा है।
इन राज्यों में प्रदर्शन पर रोक
इस फिल्म को बीते वर्ष नवंबर में ही कई राज्य बैन कर चुके है। जिसमें विशेषकर हिन्दी भाषित राज्य अधिक है। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, पंजाब व गुजरात सम्मलित है। जबकि राजस्थान सरकार ने भी पद्मावत को बैन कर दी है। भंसाली की मुश्किलें यही कम नहीं हुई है क्योंकि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में भी इस फिल्म पर बैन की मांग की जा रही है।
फिर से आंदोलन की तैयारी
करणी सेना, राजपूत समाज सहित अन्य समुदाय एक स्वर के साथ फिल्म बैन की मांग इसके निर्माण से ही करते आ रहे है। गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व फिल्म की शूटिंग के दौरान जयपुर में संजय लीला भंसाली के साथ मारपीट भी हुई थी। अब इस फिल्म की नई रिलीज डेट के साथ संगठनों ने फिर से आंदोलन की तैयारी कर ली है। करणी सेना के लोकेन्द्र सिंह कालवी भी फिल्म के विरोध में अलग—अलग राज्यों में जाकर विरोध के लिए समर्थन जुटा रहा है। उनका आरोप रहा है कि फिल्म में इतिहास के साथ छेड़छाड़ की गई है।
190 करोड़ बजट की है फिल्म
फिल्म को लेकर विरोध इतना बढ़ गया है कि अब लोग सेंसर बोर्ड की भूमिका पर भी सवाल उठाने लगे है। गौरतलब है कि संजय लीला भंसाली की 190 करोड़ बजट वाली यह फिल्म बॉलीवुड के सितारों से सजी है। इस फिल्म में मुख्य भूमिका में दीपिका पादुकोण महारानी पद्मिनी के किरादर में है। जबकि रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी व शाहिद कपूर राणा रतन सिंह का किरदान निभा रहे है।