पहले उम्मीदवारों की घोषणा और अब नामांकन को लेकर भाजपा की सुस्ती राजनीतिक दिग्गजों को हैरान कर रही है। राजस्थान में होने जा रहे तीन महत्वूर्ण उपचुनावों के लिए जहां कांग्रेस दिग्गजों को एक मंच पर लाकर मतदाता को लुभाने का प्रयास कर रही है, वहीं सत्तारुढ़ भाजपा में इस तरह का कोई उत्साह राजस्थान में नजर नहीं आ रहा है। शक्ति प्रदर्शन की कड़ी में राजस्थान के दिग्गज कांग्रेसी अलवर के बाद आज फिर से मांडलगढ़ में नजर आएंगे।
इसलिए जुटेंगे कांग्रेसी दिग्गज
दरअसल मांडलगढ़ विधानसभा के उपचुनाव भी अलवर व अजमेर लोकसभा उपचुनाव के साथ हो रहे हैं। कांग्रेस ने यहां से विवेक धाकड़ को प्रत्याशी बनाया है। यूपीए सरकार में मंत्री रहे और ब्राह्मण नेता डॉ. सीपी जोशी के करीबी धाकड़ आज उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। इससे पूर्व मांडलगढ़ में एक सभा का भी आयोजन होगा। जिसके मंत्री पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ सीपी जोशी सहित राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे नजर आएंगे।
अलवर में जुटे थे हजारों कार्यकर्ता
कांग्रेस ने उपचुनावों को लेकर कमर कस ली है। इसकी झलक पार्टी टिकिट वितरण से लेकर अलवर में हुई जनसभा तक दिखला चुकी है। दरअसल सोमवार को अलवर लोकसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी डॉ करण सिंह यादव ने पर्चा भरा था। इससे पूर्व हजारों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता रैली के रुप में अलवर कलेक्ट्रेट तक पहुंचे थे। इस मौके पर सचिन पायलट, अशोक गहलोत, जितेन्द्र सिंह, डॉ सीपी जोशी के साथ कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे भी मौजूद थे।
तीनों जगह जाने का है कार्यक्रम
राजस्थान में अलवर, अजमेर लोकसभा उपचुनाव के साथ मांडलगढ़ विधानसभा के लिए भी उपचुनाव होना है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस के सभी बड़े नेता इन सीटों पर कांग्रेसी उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान मौजूद रहेंगे। पहले अलवर फिर आज मांडलगढ़ के बाद ये सभी कांग्रेसी दिग्गज बुधवार को अजमेर में कांग्रेस प्रत्याशी रघु शर्मा के नामांकन भरने के दौरान भी नजर आएंगे।
भाजपा प्रत्याशियों में उहापोह की स्थिति
वहीं दूसरी और तीनों भाजपा प्रत्याशी बुधवार को नामांकन दाखिल करेंगे। इसलिए अभी तक प्रत्याशियों में ही इस बात का संशय है मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अन्य प्रदेश स्तरीय नेता उनके नामांकन के दौरान उपस्थित होंगे या नहीं। हालांकि मुख्यमंत्री की उपस्थिति का दावा सभी जगह किया जा रहा है। वहीं अलवर व अजमेर में रैली व जनसभा की तैयारी भी भाजपा उम्मीदवारों ने की है।