राजस्थान: चम्बल में अब घड़ियालों पर नया प्रयोग; 20 के शरीर पर लगाए रेडियो टैग, उनकी हरकतों का मिलेगा डेटा
चम्बल नदी के पालीघाट में 20 रेडियो और वीएचएफ टैग लगे नवजात घड़ियाल छोड़े गए। वैज्ञानिक तकनीक से इनके विचरण, व्यवहार, प्राकृतिक आवास में अनुकूलन और जीवित रहने की क्षमता की निगरानी होगी।
विस्तार
चम्बल नदी में अब घड़ियालों की जिंदगी का हर अहम पड़ाव वैज्ञानिकों की निगरानी में होगा। वे नदी में कहां जाते हैं, कितनी दूरी तय करते हैं, किस इलाके को अपना ठिकाना बनाते हैं और प्राकृतिक माहौल में खुद को कैसे ढालते हैं, इन सवालों के जवाब खोजने के लिए वन विभाग ने नई पहल शुरू की है। राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य में पहली बार रेडियो और वीएचएफ टैग लगाए गए 20 घड़ियालों को प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया है।
पालीघाट में घड़ियाल पारिस्थितिकी परियोजना के तहत इन 20 नवजात घड़ियालों (हैचलिंग) का पुनर्वास किया गया। इनके शरीर पर लगाए गए रेडियो टैग के जरिए रेडियो टेलीमेट्री तकनीक से इनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इससे पता चलेगा कि नदी में छोड़े जाने के बाद ये घड़ियाल किस दिशा में जाते हैं, उनका विचरण क्षेत्र कितना है और वे प्राकृतिक परिस्थितियों में कितने सफलतापूर्वक जीवित रह पाते हैं।
80 घड़ियालों पर होगा प्रयोग, पहला चरण पूरा
परियोजना के तहत कुल 80 घड़ियालों की टैगिंग कर उन्हें प्राकृतिक आवास में छोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में 20 घड़ियालों को चम्बल में छोड़ा गया है। इनके व्यवहार और उत्तरजीविता से जुड़े आंकड़ों के आधार पर घड़ियालों के संरक्षण की रणनीति को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढें- जयपुर: अवैध कोचिंग सेंटरों को राहत नहीं, सुप्रीम कोर्ट बोला- चुनावी फायदे के लिए निर्माण वैध करना गलत
घड़ियाल संरक्षण को मिलेगा वैज्ञानिक आधार
इस पहल का महत्व इसलिए भी है कि घड़ियालों को नदी में छोड़ना ही संरक्षण की पूरी प्रक्रिया नहीं है। उनके प्राकृतिक वातावरण में जीवित रहने, भोजन तलाशने, विचरण करने और अनुकूलन की क्षमता को समझना भी जरूरी है। रेडियो टैगिंग से मिलने वाला डेटा बताएगा कि पुनर्वास के बाद घड़ियालों की स्थिति कैसी रहती है और उनके लिए नदी के कौनसे क्षेत्र ज्यादा अनुकूल हैं।
इस दौरान मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक केसीए अरुण प्रसाद, रणथम्भौर टाइगर प्रोजेक्ट के क्षेत्र निदेशक एसपी सिंह, उप क्षेत्र निदेशक मानस सिंह, दिनेश जांगिड़, सहायक वन संरक्षक अजय कुमार, क्षेत्रीय वन अधिकारी किशन और परियोजना विशेषज्ञ जैलाब्दीन सहित वन विभाग के अधिकारी एवं फील्ड स्टाफ मौजूद रहे।
