जयपुर : न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण पर फिलहाल विराम, पट्टों को लेकर आज मंत्री के आवास पर अहम बैठक
यूडीएच मंत्री खर्रा आज को एक बार फिर जेडीए और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें दस्तावेजों की जांच और अधिकारियों की रिपोर्ट की समीक्षा होगी।
विस्तार
न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण को लेकर चल रही बुल्डोजर कार्रवाई पर फिलहाल विराम लग गया है। आज यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के आवास पर इस मामले में एक अहम बैठक बुलाई गई है। मंत्री खर्रा की अधिकारियों और जयपुर के जनप्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावि इस बैठक में में दस्तावेजों की जांच, सड़क के अलाइनमेंट और प्रभावित लोगों की आपत्तियों पर चर्चा होगी। बैठक के बाद ही बाकी हिस्से में कार्रवाई को लेकर अगला फैसला सामने आने की उम्मीद है।
इस पूरे मामले में अब तीन सवाल अहम हैं। जेडीए और नगर निगम में किसका नक्शा सही है? वैध पट्टे वाले निर्माणों की स्थिति क्या होगी? और हाईकोर्ट की समयसीमा के भीतर कार्रवाई कैसे पूरी होगी? इन सवालों के जवाब ही न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण की आगे की दिशा तय करेंगे।
सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक करीब 2.4 किलोमीटर लंबे हिस्से में जेडीए अतिक्रमण हटाने का अभियान चला रहा है। अब तक करीब 1.3 से 1.4 किलोमीटर हिस्से में कार्रवाई हो चुकी है। बाकी करीब 1.2 किलोमीटर हिस्से में प्रभावित निर्माणों के दस्तावेजों और सड़क की सीमा को लेकर नए सिरे से समीक्षा की जा रही है।
दो सरकारी विभागों के नक्शों में 22 फीट का अंतर
इस पूरे विवाद की सबसे बड़ी वजह जेडीए और नगर निगम के रिकॉर्ड में अंतर है। मौके पर सड़क की चौड़ाई करीब 98 फीट बताई जा रही है। जेडीए ने एक तरफ के निर्माणों पर 24 फीट तक अतिक्रमण के निशान लगाए हैं। दूसरी तरफ नगर निगम के पुराने पट्टों में सड़क की चौड़ाई 100 फीट दर्ज होने का दावा किया जा रहा है।
व्यापारियों का सवाल है कि जब नगर निगम ने 100 फीट सड़क के हिसाब से पट्टे जारी किए तो अब उन्हीं निर्माणों को अतिक्रमण कैसे माना जा रहा है। प्रभावित लोगों ने संयुक्त सर्वे और सही पैमाइश की मांग उठाई है।
यह भी पढें-पंचायत चुनाव: राजस्थान में जिला प्रमुख की कुर्सी पर सियासी घमासान, सदस्यों को साधने में जुटी भाजपा और कांग्रेस
खर्रा ने मांगी रिपोर्ट, पहले होगी पट्टों की जांच
व्यापारियों और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मंगलवार को जेडीए और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें जेडीए सचिव गौरव सैनी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री ने प्रभावित निर्माणकर्ताओं के पट्टों और अन्य दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिन मामलों में अभी दस्तावेजों का सत्यापन नहीं हुआ है, उनकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद ही तय होगा कि कौनसे निर्माण वैध हैं और किन्हें अतिक्रमण मानकर हटाया जाना है।
पूर्व यूडीएच मंत्री राजपाल सिंह शेखावत भी प्रभावित व्यापारियों से मिलकर उनकी समस्याएं उठा चुके हैं।
30 नवंबर तक कार्रवाई पूरी करने की चुनौती
इस मामले में सबसे अहम तारीख 30 नवंबर है। राजस्थान हाईकोर्ट ने 16 नवंबर को जेडीए को सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक अतिक्रमण हटाने के लिए दो सप्ताह का समय दिया था। कोर्ट ने निर्धारित अवधि में कार्रवाई पूरी नहीं होने पर जेडीए आयुक्त, सचिव और नगर निगम आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से पेश होने की चेतावनी भी दी थी। अब जेडीए को 30 नवंबर तक कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करनी है। मामले में अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी, जिसमें प्राधिकरण को प्रगति रिपोर्ट पेश करनी है।
