हरियाणा के रोहतक जिले के चांदी गांव से एक दिन पहले लापता हुए सेवानिवृत्त फौजी रामचंद्र (74) का शव रविवार दोपहर तीन बजे एमडीयू के पीछे कन्हेली पुल के पास झाड़ियों में मिला। परिजनों ने जहां लूटपाट के बाद हत्या की आशंका व्यक्त की है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की बात कह रही है। फिलहाल लाखनमाजरा थाने में फौजी की गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया है।
चांदी गांव निवासी कुलदीप ने बताया कि वे पाड़ा मोहल्ले के नजदीक स्कूल में जेबीटी अध्यापक हैं। उसके पिता रामचंद्र सेना में कार्यरत थे, जो 1999 में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए। वह शनिवार सुबह गांव से रेलवे रोड स्थित निजी अस्पताल में दवाई लेने आए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे।
वह परिवार के सदस्यों के साथ रोहतक पहुंचा और पीजीआई, सिविल अस्पताल, निजी अस्पतालों के अलावा रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर तलाश किया, लेकिन कहीं सुराग नहीं लग सका। सोशल मीडिया पर अपने परिजनों को पिता की फोटो भेजी। रविवार सुबह नौ बजे एक युवक ने बताया कि उक्त बुजुर्ग को उसने शनिवार दोपहर पुराने बस स्टैंड के नजदीक एक निजी अस्पताल के बाहर बैठे देखा था। वे अस्पताल के पास पहुंचे और आसपास लगे कैमरों से सीसीटीवी फुटेज निकलवाई।
2 of 5
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा रामचंद्र को उठाता ऑटो चालक।
- फोटो : अमर उजाला
जिंदा होने की उम्मीद में तीन थानों के चक्कर काटते रहे परिजन, आखिर में मिला शव
मृतक के बेटे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि उसके पिता एक बेंच पर बैठे हुए हैं। 20 सेकंड बाद अचानक गिर जाते हैं। तभी हरे रंग की ऑटो में एक युवक आता है और उसके पिता को ऑटो में बैठाकर ले जाता है। फुटेज देखकर उनको लगा कि पीजीआई या सिविल अस्पताल में दाखिल कराया होगा, लेकिन दोनों जगह सुराग नहीं लगा। वे फुटेज लेकर सिटी, सब्जी मंडी व लाखनमाजरा पुलिस के पास गए। लाखनमाजरा पुलिस ने कहा कि फुटेज रोहतक की है। रोहतक पुलिस वाले बोले, लाखनमाजरा थाना क्षेत्र से आपके पिता आए थे। इसी बीच परिजनों को पुलिस से पता चला कि एक शव कन्हेली पुल के पास मिला है। परिजन तत्काल वहां पहुंचे। देखा तो शव चांदी गांव निवासी रामचंद्र का ही था।
3 of 5
रामचन्द्र की मौत के बाद गमजदा बेटा कुलदीप और परिवार के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
एक बेटे की हादसे में हो चुकी है मौत
जेबीटी शिक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि वे तीन भाई व एक बहन थे। छोटे भाई संजीव की 2011 में कार की कंबाइन मशीन से टक्कर होने से मौत हो गई थी। संजीव की पत्नी व बच्चे भी उसके परिवार के साथ ही रहते हैं। पूरा परिवार पिता रामचंद्र की देखभाल करता था। अचानक उनकी मौत से सभी सदमें में हैं।
4 of 5
जांच करती पुलिस व एसएफएल की टीम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बेटा बोला, मेरे पिता की लूटपाट कर की गई हत्या
सेवानिवृत्त फौजी के बेटे एवं जेबीटी अध्यापक कुलदीप का कहना है कि उसके पिता के सिर में चोट के निशान हैं। कपड़े फटे हुए हैं। सोने की अंगूठी व पैसे गायब हैं। उनको शक है कि किसी ने लूटपाट के बाद उसके पिता की हत्या कर शव यहां फेंक दिया। क्योंकि ऑटो चालक ने उसके पिता को पीजीआई या सिविल अस्पताल में नहीं दाखिल कराया। ऐसे में वे कन्हेली पुल के पास सुनसान एरिया में कैसे पहुंचे। पुलिस केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे में नजर आ रहे ऑटो चालक की तलाश करे। तभी पूरी घटना से पर्दा उठ सकेगा।
5 of 5
जांच करती पुलिस व एसएफएल की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
बुजुर्ग रामचंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर जरूरत पड़ी तो हत्या की धारा जोड़ी जाएंगी। फिलहाल एफएसएल एक्सपर्ट से भी जांच करवा ली है। अभी लूटपाट के पास हत्या जैसे कोई बात सामने नहीं आ रही है। -रणबीर सिंह, थाना प्रभारी लाखनमाजरा