फ्रांस में गत मंगलवार को शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर के कान फिल्म फेस्टिवल में हरियाणा मूल की मानुषी छिल्लर द्वारा डेब्यू करने के बाद अब शुक्रवार को धाकड़ हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी ने भी जलवे बिखेरें हैं। इस फिल्म महोत्सव को लेकर सपना कोई विशेष तैयारी तो नहीं कर रहीं थी, लेकिन बहुत उत्साहित जरूर थीं। जाने से पहले अमर उजाला से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा था कि जब वो कान में प्रवेश करेंगी तो सारी दुनिया कान अर आंख लगाकै हरियाणे नै ए देखैगी।
Sapna Choudhary: धाकड़ हरियाणवी कलाकार सपना का Cannes में डेब्यू, जाने से पहले बताया था- यह कैसे संभव हुआ
सिंपल और शानदार लुक में नजर आईं सपना चौधरी
कान फिल्म फेस्टिवल में इस बार एक से बढ़कर एक बॉलीवुड हसीनाओं के डेब्यू देखने को मिल रहे हैं। हिंदी सिनेमा से सारा अली खान, मानुषी छिल्लर ने डेब्यू किया है। बॉलीवुड एक्ट्रेस के बाद एक और हसीना का डेब्यू देखने को मिला है और वह हैं हरियाणा की डांसिंग क्वीन सपना चौधरी। 76वें कान फिल्म फेस्टिवल में रेड कार्पेट पर सपना चौधरी सिंपल और शानदार लुक देखने को मिला। सोशल मीडिया पर सपना ने अपने शानदार और सिंपल लुक की तस्वीरें भी साझा की हैं। जिनपर फैंस की प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
इंस्टाग्राम अकाउंट पर कान का एक वीडियो शेयर किया
सारा अली खान और मृणाल ठाकुर समेत इस बार सपना चौधरी भी इस बिग इवेंट में अपना दर्ज करवाया है। सपना चौधरी के चाहने वालों के लिए यह बड़ी खबर है कि कोई रीजनल सिनेमा की अभिनेत्री इतने बड़े इवेंट में पहुंची है। यह किसी क्षेत्रीय कलाकार के लिए मील के पत्थर से कम नहीं है। सपना ने अब इंस्टाग्राम अकाउंट पर कान का एक वीडियो शेयर किया है, वीडियो में देखा जा सकता है कि रेड कार्पेट पर हजारों फोटोग्राफर मौजूद हैं, जो सभी हसीनाओं की तस्वीरें अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं, इसी बीच रेड कार्पेट पर सपना चौधरी भी नजर आ रही हैं।
सॉफ्ट पिंक कलर के गाउन को चुना
सपना चौधरी के लुक की बात करें तो उन्होंने इस फेस्टिवल के लिए सॉफ्ट पिंक कलर के गाउन को चुना था। फ्लोरल एंब्राइड्री और हाई नेक वाले इस गाउन में वह बला की खूबसूरत लग रही थीं। फुल स्लीव और बॉडी फिटिंग वाले इस गाउन पर पिंक कलर के फूलों की एंब्राइड्री बनी है। सपना ने मिनिमल लुक के साथ इस गाउन को कैरी किया है, जिसकी सुदंरता देखते ही बन रही है। इस खूबसूरत से दिखने वाले गाउन का वजन 30 किलो बताया जा रहा है।
सपना ने अपने इस हैवी गाउन को खुद से कैरी किया। हालांकि इस वीडियो में देखा जा सकता है कि जिस तरह से सपना अपने गाउन को उठाकर चल रही हैं वह उनके लिए काफी मुश्किल रहा होगा। उनको गाड़ी में बैठने के लिए भी काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा। वहीं उनके आउटफिट की बात करें तो सपना अपने फिश कट गाउन में बेहद हसीन लग रही थीं।