हरियाणा के हिसार में मय्यड़ गांव की रहने वाली निशा शर्मा का पहला अंतरजातीय प्रेम विवाह आपसी रिश्तों में आई खटास से परवान नहीं चढ़ पाया। उसने दूसरे जीवनसाथी की तलाश की और सुमित से दूसरा अंतरजातीय विवाह किया। सपने बुनने शुरू किए, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। निशा के हंसते खेलते परिवार को उस दिन ग्रहण लग गया, जिस दिन उसके दूसरे पति सुमित का जन्मदिन था। उसके पहले पति संदीप ने इसी दिन को चुना और सुमित व उसकी मां ऊषा की बेरहमी से हत्या कर दी। सुमित के परिजनों और निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं डोगरान मोहल्ला बाजार की एसोसिएशन के पदाधिकारी सतीश व प्रदीप ने बताया कि सोमवार को बाजार बंद रहेगा।
हिसार दोहरा हत्याकांड: पहले प्रेम विवाह में आई खटास, दूसरे का भी अंजाम बुरा, पहले पति ने रंजिशन कर दी दूसरे पति व सास की हत्या
पेटिज खाने के लिए लिए थे 20 रुपये
डोगरान मोहल्ला में पर्दे की दुकान चलाने वाले राकेश वर्मा उर्फ रॉकी ने बताया कि 15 दिन पहले ही सुमित उसकी दुकान पर काम करने आया था। उसके बारे में ज्यादा कुछ पता नहीं, लेकिन ये पता था कि वह ऋषि नगर में रहता था। रविवार का दिन होने के कारण शाम को जल्दी दुकान बंद कर रहे थे। दुकान बंद करने से पहले सुमित ने पेटिज खाने के लिए 20 रुपये मांगे और वह दुकान से बाहर चला गया।
कुछ ही देर बाद गोदाम के सामने दो युवक सुमित से झगड़ा कर रहे थे। जब बीच बचाव किया तो दोनों ने कहा कि यहां से चले जाओ नहीं तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। जैसे ही दुकान की तरफ मुड़ा तो युवकों ने सुमित पर गोलियां दाग दी और मौके से फरार हो गए। लहुलूहान हालत में उसे नागरिक अस्पताल में लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात से 10 मिनट पहले हुई थी पत्नी से बात
मृतक सुमित से प्रेम विवाह करने वाली निशा शर्मा ने बताया कि वारदात से करीब 10 मिनट पहले सुमित से बात हुई थी। उसने कहा था कि वह घर के लिए निकल रहा है। कुछ देर बाद ही उसे गोली लगने की सूचना आई। निशा ने बताया कि सुबह से ही सुमित गुमसुम था। उसने सुबह खाना भी नहीं खाया था। हर रोज संदीप से मिल रही धमकी के कारण परेशान था, लेकिन उसने इस बारे में कोई बात साझा नहीं की।
कमरे से बाहर आया तो सुए से कर रहे थे वार
मूलरूप से खांडाखेड़ी निवासी राजेश ने बताया कि वह काफी वर्षों से ऊषा के परिवार के साथ रह रहा है। दोपहर बाद कमरे के अंदर सोया हुआ था। अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। जैसे कुछ चीज नीचे गिरी है। कमरे से बाहर आया तो देखा कि संदीप और एक अन्य ऊषा पर सुए से वार कर रहे थे। जब उन्हें रोका तो उन्होंने मुझे कमरे के अंदर बंद कर दिया। बाद में वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फारार हो गए। शोर मचाया तो आस पड़ोस के लोग आए व दरवाजा खोला और पुलिस को घटना के बारे मे बताया।
सास के कहने पर 20 दिन पहले ही अंबाला से आए हिसार
निशा ने बताया कि 9 माह पहले कोर्ट में सुमित के साथ प्रेम विवाह करने के बाद उसके बड़े भाई अमित के पास अंबाला चले गए थे। वहां उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं थी। सास ऊषा काफी समय से हमें अपने पास बुला रही थी। उनके कहने पर ही 20 दिन पहले अंबाला से हिसार आए थे। उनके पास उत्तम नगर में रहने के बजाय ऋषि नगर में किराये पर मकान लिया और वहां रहने लगे। कहीं न कहीं सास को लग रहा था कि उनके पास रहेंगे तो सुरक्षित नहीं है। ऐसे में उनसे दूर रहने लगे।
सुमित ने कहा था, तुझे पैरों पर खड़ा कर दूंगा
निशा ने बताया कि जिंदगी सही चल रही थी। सुमित ने कहा था कि घबराने की कोई बात नहीं है। मैं तुझे पैरों पर खड़ा कर दूंगा और इस नरक से निकाल दूंगा। जल्द ही सब कुछ ठीक हो जाएगा। हर रोज यहीं बात कहता था लेकिन, कहीं न कहीं उसे आंदेशा जरूर था कि कुछ होने वाला है। तभी तो वह आज सुबह से गुमसुम था और उसने खाना भी नहीं खाया था।
कंप्यूटर कोचिंग के दौरान हुई थी आरोपी से मुलाकात
निशा का कहना है कि मेरी करीब छह साल पहले मूलरूप से डाबड़ा गांव निवासी संदीप से हिसार के एक कोचिंग सेंटर में मुलाकात हुई थी। मैं वहां पर कंप्यूटर की कोचिंग ले रही थी और संदीप भी वहीं कोचिंग ले रहा था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गई और फिर दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। संदीप तोशाम मार्ग पर ही एक अस्पताल के सामने चाय की दुकान चलाता था। शादी के बाद एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन कुछ समय बाद घरेलू कलह होने लगा और दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई। फिर कोर्ट में तलाक का केस डाल दिया।
18 मई को होनी थी कोर्ट में पेशी
संदीप से तलाक लेने के लिए कोर्ट में केस डाला हुआ है। अभी तक कोर्ट में चार बार आ चुके हैं, लेकिन एक बार भी संदीप कोर्ट में नहीं आया। तलाक वाले मामले में आगामी तारीख 18 मई लगी हुई थी। संदीप हमेशा जान से मारने की धमकी देता था।
आसपास ही है आरोपी-मृतक के घर
मृतक सुमित अपनी मां ऊषा के साथ उत्तर नगर में रहता था। पास में ही आरोपी संदीप का घर है। वहीं पर निशा उसके साथ रहती थी। दोनों के बीच मनमुटाव के बाद निशा ने सुमित के साथ प्रेम विवाह कर लिया। सुमित व संदीप का परिवार एक दूसरे को अच्छे तरह से जानते हैं। दोनों परिवारों का कुछ समय पहले तक घर आना जाना था। कयास यहीं लगाए जा रहे है कि सुमित के साथ निशा का रहना संदीप को पसंद नहीं आया और उसने दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।
बेरहमी से दिया दोहरे हत्याकांड को अंजाम
दिनदहाड़े सुमित पर पहले सुए से हमला उसके बाद फायर किए। एक गोली सीने के पास लगी है तो दूसरी उस से थोड़ी नीचे। इस घटना को अंजाम देने के बाद बाइक पर सवार होकर बेखौफ बदमाश उत्तम नगर पहुंचे। वहां पर ऊषा पर बेरहमी से सुए से कई वार किए। अधिकतर वार सीने के आसपास किए है। जब तक वह मर नहीं गई तब तक उस पर वार करते रहे। इस से अंदाजा लगाया जा सकता है कि आरोपी संदीप के दिल में दोनों के प्रति कितना जहर भरा हुआ था।
निशा के परिजनों ने बनाई दूरी
उधर, इस घटना के बाद अपने परिजनों को संपर्क करने की कोशिश करती रही, लेकिन परिजनों ने कोई रिस्पांस नहीं दिया। निशा के पिता एचटीएम कॉटन मिल में काम करते हैं। निशा ने उनके पास सैकड़ों बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया और न ही वे उसकी खैर खबर लेने आए।
प्रदेश में कानून व्यवस्था का दिवाला पीट चुका है : गर्ग
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने अपराधियों द्वारा दिनदहाड़े गोली मारकर सुमित मित्तल व उसकी मां की हत्या करने से व्यापारी व शहर में दहशत का माहौल है। बजरंग गर्ग ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने के लिए कहा। बजरंग गर्ग ने कहा कि हर रोज हिसार जिले के साथ-साथ प्रदेश में हत्या, लूटपाट व फिरौती की वारदातें होने से प्रदेश का व्यापारी व आम जनता अपनी जान माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से भयभीत है।निशा का कहना है कि मेरी करीब छह साल पहले मूलरूप से डाबड़ा गांव निवासी संदीप से हिसार के एक कोचिंग सेंटर में मुलाकात हुई थी। मैं वहां पर कंप्यूटर की कोचिंग ले रही थी और संदीप भी वहीं कोचिंग ले रहा था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गई और फिर दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। संदीप तोशाम मार्ग पर ही एक अस्पताल के सामने चाय की दुकान चलाता था। शादी के बाद एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन कुछ समय बाद घरेलू कलह होने लगा और दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई। फिर कोर्ट में तलाक का केस डाल दिया।