गोरखपुर में मतगणना शुरू होने के तीसरे दिन भी जिला प्रशासन जिला पंचायत सदस्य के सभी पदों के नतीजे नहीं घोषित कर सका। मंगलवार की आधी रात तक सिर्फ 25 वार्डों के ही विजयी प्रत्याशियों को जीत का प्रमाण पत्र दिया जा सका है। यह स्थिति तब है, जबकि गिनती का काम सोमवार की रात को ही खत्म हो गया था। देरी के लिए प्रशासन के आला अफसर आरओ पर दोष मढ़ते रहे तो आरओ, आला अफसरों पर अपनी जिम्मेदारी ठेलते रहे। हर कोई चुप्पी साधे रहा और आखिरी तक कोई यह बताने की स्थिति में नहीं था कि आखिर सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र कब तक दिए जाएंगे।
UP Panchayat Election Result 2021: तीन दिन बाद भी नहीं आए पूरे नतीजे, आधी रात 25 विजेताओं को दिया प्रमाण पत्र
उधर देरी पर तमाम प्रत्याशियों ने जिला प्रशासन पर गड़बड़ी करने का आरोप भी लगाया। दो वार्डों को नतीजे को लेकर कलेक्ट्रेट में जमकर हंगामा भी हुआ। एक वार्ड के प्रत्याशी के पक्ष में बड़ी संख्या में किन्नर पहुंच गए जिन्हें हटाने के लिए पुलिस को हलका बल प्रयोग भी करना पड़ा। मंगलवार की सुबह से लेकर आधी रात के बाद तक खुद को विजयी मान रहे जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार और उनके समर्थक क्षेत्र से लेकर कलेक्ट्रेट तक दौड़ लगाते रहे। जीत का दावा करने वालों की भी प्रमाण पत्र मिलने तक सांसें टंगी रहीं। कुछ का आरोप था कि वह गिनती में जीते थे मगर प्रमाण पत्र हारे हुए का दे दिया गया।
देरशाम शुरू हुआ प्रमाण पत्र देने का सिलसिला
दिन भर के इंतजार के बाद मंगलवार की देर शाम को इक्का-दुक्का सदस्यों को प्रमाण पत्र देने का सिलसिला शुरू हुआ और आधी रात तक करीब 25 जिला पंचायत सदस्यों को ही प्रमाण पत्र दिए जा सके थे। प्रशासन का दावा था कि रात में ही सभी को प्रमाण पत्र दे दिया जाएगा लेकिन इसके आसार कम ही नजर आए। परिणाम घोषित होने में देरी के चलते जीते हुए कई प्रत्याशियों के मन में परिणाम को लेकर संशय पैदा हो गया। राजनीतिक दलों के पदाधिकारी भी कलेक्ट्रेट के आसपास चक्कर लगाते रहे।
रविवार से शुरू हुई मतगणना
जिले में जिला पंचायत सदस्य के 68 वार्डों की मतगणना रविवार की सुबह आठ बजे से शुरू हो गई थी। वोटों की गिनती का काम सोमवार की देर रात तक चलती रही। सोमवार की शाम तक कई वार्डों की गणना पूरी हो चुकी थी। परिणाम जिला मुख्यालय से घोषित होना था लेकिन प्रशासन एक भी वार्ड का परिणाम घोषित नहीं कर सका था। मंगलवार को भी पूरे दिन यही स्थिति रही। इस संबंध में पूछने पर जिले के अधिकारी ब्लॉकों के रिटर्निंग आफिसर से समय से सूचना न मिलने का हवाला देते। देर शाम को कुछ जिला पंचायत सदस्यों को फोन कर बुलाया गया और प्रमाण पत्र वितरित किया गया। जिला पंचायत सदस्य पद चुनाव के रिटर्निंग आफिसर सुनील कुमार ने बताया कि निर्वाचित प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिए जा रहे हैं। ब्लॉकों से सूचना मिलने की वजह से थोड़ा विलंब हुआ। गड़बड़ी को लेकर सभी तरह के आरोप बेबुनियाद है। पूरी पारदर्शिता के साथ गणना हुई है।
वार्ड नंबर 43 गोला- जय प्रकाश
वार्ड नंबर 44 गोला- बाल चन्द सोनकर
वार्ड नंबर 20 कैंपियरगंज- रामपाल सिंह
वार्ड नंबर 35 बेलघाट- मिथेलेश यादव
वार्ड नंबर 54 बांसगांव- अरविंद राय
वार्ड नंबर 36 बेलघाट- किरन देवी
वार्ड नंबर 14 जंगल कौड़िया- शीला देवी
वार्ड नंबर 56 कौड़ीराम- मनोज कुमार शुक्ल
वार्ड नंबर 41 उरुवां- पूजा शाही
वार्ड नंबर 37 बेलघाट- उर्मिला देवी
वार्ड नंबर 12 जंगल कौड़िया- दिलीप कुमार सिंह
वार्ड नंबर 13 जंगल कौड़िया- पन्ने लाल
वार्ड नंबर 15 भरोहिया- सरोज
वार्ड नंबर 17 कैंपियरगंज- रेनू
वार्ड नंबर 24 सहजनवां- संजय
वार्ड नंबर 28 कौड़ीराम- नीलम शाही
वार्ड नंबर 16 कैंपियरगंज- धर्मेंद्र यादव
वार्ड नंबर 27 - धीरज
वार्ड नंबर 49 गगहा- मयाशंकर शुक्ल
वार्ड नंबर 58 कौड़ीराम- विशाल सिंह
वार्ड नंबर 26 सहजनवां- दिव्या गुप्ता
वार्ड नंबर 18 कैंपियरगंज- रेनू
वार्ड नंबर 39 उरुवां- प्रभात कुमार सिंह
वार्ड नंबर 40 उरुवां- सीमा चन्द
वार्ड नंबर 10 चरगांवा- अमरनाथ