गोरखपुर में कोविड मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद कोविड का टीका लगवाने वालों में रुचि दिख रही है। लेकिन अब विभाग के पास वैक्सीन न होने की वजह से लोगों को टीका नहीं लग पा रहा है। स्थिति ऐसी हो गई है कि विभाग ने बृहस्पतिवार को टीकाकरण के महाअभियान के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में बची वैक्सीन को मंगवा लिया है। इन्हीं वैक्सीन से विभाग शहर के गिने चुने बूथों पर बृहस्पतिवार को टीकाकरण अभियान चलाएगा क्योंकि सीएमओ कार्यालय के स्टोर से वैक्सीन एकदम खत्म हो चुकी है। स्थिति ऐसी हो गई है कि बुधवार को दोपहर बाद से ही कई बूथों से लोगों को वैक्सीन न होने की वजह से लौटा दिया गया है।
जिंदगी का टीका: गांव से बची वैक्सीन पर आज चलेगा महाअभियान, जानिए किसे लगेगा टीका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जानकारी के मुताबिक बीआरडी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी समेत निजी अस्पतालों में कुल 35 बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर सुबह 10 बजे टीकाकरण शुरू हुआ। टीकाकरण के लिए लोग सुबह से ही लाइन में लग गए। जिला अस्पताल में दो बजे के बाद टीकाकरण के लिए आए लोग वापस लौट गए। इसके बाद वह महिला अस्पताल में बने बूथ पर गए। वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी। इस बीच कई लोग निजी अस्पतालों में भी टीका लगवाने पहुंचे थे, लेकिन वहां भी वैक्सीन खत्म हो चुकी थी। ऐसे में विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में बचे वैक्सीन को बुधवार को ही मंगवा लिया है। इसी वैक्सीन से शहर के कुछ बूथों पर बृहस्पतिवार को महाअभियान चलाया जाएगा।
सप्ताह में तीन दिन चलता है महाअभियान
कोविड टीकाकरण में तेजी लाने के लिए शासन की ओर से सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बृस्पतिवार और शुक्रवार को महाअभियान चलाकर टीकाकरण कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिन 100 से अधिक बूथ बनाकर 16000 से अधिक लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रख गया है। लेकिन टीकाकरण की कमी की वजह से महाअभियान भी प्रभावित हो रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एनके पांडेय ने बताया कि वैक्सीन की कमी है। इसकी जानकारी शासन को दी गई है। वैक्सीन जल्द ही मिल जाएगी। फिलहाल महाअभियान के दिन शहरों में ही बूथ बनाए जाएंगे।
35 बूथों पर केवल 2389 को ही लग सका कोविड का टीका
टीकाकरण के लिए बुधवार को जिले भर में 35 बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर 3500 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन वैक्सीन की कमी की वजह से महज 2389 को ही कोविड का टीका लग सका। इसमें 2186 को पहली डोज और 203 को बूस्टर डोज लगाया गया। कुल 68.3 प्रतिशत ही टीकाकरण हो सका। सीएमओ डॉ सुधाकर पांडेय ने बताया कि वैक्सीन की मांग की गई है। जल्द ही वैक्सीन मिल जाएगा। इसके बाद समस्या दूर हो जाएगी।
शहर के करीब 10 से अधिक निजी अस्पताल कोविड टीकाकरण के तहत लोगों को 250 रुपये प्रति डोज टीका लगा रहे हैं। लेकिन निजी अस्पतालों को पिछले 10 दिनों से सही तरीके से वैक्सीन नहीं मिल पा रहा है। किसी अस्पताल को दो डोज तो किसी को तीन डोज देकर विभाग काम चला रहा है।
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने कहा कि वैक्सीन लगवाने के लिए अब लोग आगे आ रहे हैं। इसकी वजह से वैक्सीन की किल्लत हो रही है। इसकी जानकारी शासन को दी गई है। इमरजेंसी में कुछ वैक्सीन मंगवाई गई है।