गोरखपुर जिले में पैडलेगंज स्थित बुद्ध द्वार के पास रामगढ़ताल की खूबसूरती पर दाग लगा रही कीचड़ और जलकुंभी आदि की गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सफाई करा दी है। अब एंट्री प्वाइंट पर भी ताल में पानी की लहरें उठने लगी हैं।
गोरखपुर: साफ हुआ रामगढ़ताल की खूबसूरती पर लगा दाग, अब ऐसा दिख रहा है नजारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्राधिकरण ताल के इस हिस्से की सफाई 24 अगस्त से करा रहा था। जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह का कहना है कि दोबारा यहां गंदगी न फैले, इसलिए रोजाना सफाई कराई जाएगी। उधर, चार करोड़ की लागत से रामगढ़ताल किनारे लगाई जा रही रेलिंग का काम भी प्रगति पर है। प्राधिकरण का कहना है कि अगले महीने तक यह काम भी पूरा हो जाएगा।
फुटपाथ बनाने का भी काम शुरू हो गया है। चार फीट न्यूनतम चौड़ाई वाले फुटपाथ की सड़क से ऊंचाई छह इंच रखी जा रही है। फुटपाथ बन जाने से रेलिंग से सटाकर गाड़ी खड़ी करने की समस्या से निजात मिलेगी। सड़क पर चलने वाली गाड़ियों से टहलने वालों को कोई खतरा भी नहीं रहेगा।
इसके अलावा, प्राधिकरण ताल किनारे पांच दर्शक दीर्घा बना रहा है। इनमें से तीन की ढलाई का काम पूरा हो गया है। उपाध्यक्ष के मुताबिक दिवाली तक दर्शक दीर्घा भी बनकर तैयार हो जाएगी। रेलिंग से ताल की ओर इसे छह मीटर लंबा बनाया जाएगा और चौड़ाई 15 मीटर होगी। एक दीर्घा में एक साथ 21 लोग बैठ सकेंगे। पांचों दीर्घा पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च आएगा।
फ्लोटिंग रेस्त्रां का अनुबंध पूरा, काम भी शुरू
रामगढ़ताल में फ्लोटिंग रेस्त्रां को लेकर जीडीए और संचालन का अधिकार पाने वाली फर्म रॉयल रेजिडेंसी के बीच अनुबंध की प्रक्रिया भी शुक्रवार को पूरी हो गई। फर्म ने फ्लोटिंग रेस्त्रां बनाने का काम भी शुरू कर दिया है। इसके लिए बाहर से पार्ट मंगाए जा रहे हैं, जिन्हें यहां एक साथ जोड़ा जाएगा। 2023 तक रामगढ़ताल में इस रेस्त्रां का संचालन शुरू हो जाएगा।