गोरखपुर में आसमान से बरस रहे अंगारों से इस सप्ताह राहत मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 16-17 जून को गोरखपुर में मानसून के दस्तक देने की संभावना है। उधर, शहरवासी रविवार को भी उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे।
Gorakhpur Monsoon: 'आसमानी अंगारों' से इस सप्ताह मिलेगी राहत, जानिए गोरखपुर में कब होगी बारिश
15 जून तक बिहार के अधिकांश स्थानों पर मानसून दस्तक दे देगा। इसके एक-दो दिन बाद (16-17 जून तक) गोरखपुर में मानसून की बारिश हो सकती है। कैलाश पांडेय ने बताया कि लगातार तीन दिन तक कम से कम 2.5 मिलीमीटर बारिश होती है। तभी इसे मानसून की बारिश माना जाता है।
10 साल पहले मई में हुई थी इतनी कम बारिश
आंकड़ों के अनुसार इस साल मई महीने में कम बारिश का 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। इस साल में मई में 2.3 मिली बारिश हुई है। जबकि इससे पहले मई 2012 में गोरखपुर में 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानियों के मुताबिक 15 जून की रात तक गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज व आसपास के हिस्सों को मानसून छुएगा। 16 और 17 जून तक वाराणसी पहुंचेगा और 18 जून तक आधे उत्तर प्रदेश को कवर कर लेगा। लखनऊ में भी 17 और 18 जून को बारिश के आसार बन रहे हैं। 19 जून को प्रदेश में अच्छी बारिश के संकेत हैं । 20 को हालांकि इसकी रफ्तार धीमी हो सकती है। यदि इस दिन से आगे तक बारिश होती है और मौसम में बदलाव की गति कायम रहती है तो बहुत संभव है कि इसे मानसूनी बारिश मान लिया जाए।
फिलहाल दो दिन और झेलिए 43 डिग्री का ताप
मौसम विभाग के मुताबिक, अभी दो दिन कम से कम तापमान 43 डिग्री के आसपास रहेगा। यानी तीखी धूप, गर्म हवा के थपेड़े झेलने के लिए तैयार रहें। हालांकि ,इसके बाद बादल की वजह से तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। रविवार सुबह की शुरुआत भी भीषण गर्मी के साथ हुई। तीखी धूप में खड़े होना दहकती भट्ठी के आगे खड़े होने जैसा एहसास दे रहा था। गर्म हवाएं राह चलना मुश्किल कर रही थीं। सोमवार और मंगलवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।