बैलेस्टिक एक्सपर्ट, डॉक्टर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मदद से पुलिस कोतवाली इलाके के नखास स्थित मकान में दवा कारोबारी सईद की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। घरवालों के बयान के हिसाब से पुलिस शुरू से खुदकुशी करने का ही अंदेशा जता रही, मगर शरीर पर गोली के तीन जख्म और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्य के चलते हत्या किए जाने के संदेह को भी एकदम से खारिज करने की स्थिति में नहीं है। उधर, बेटे अनस से रविवार दोपहर में दोबारा पूछताछ की गई है।
गोरखपुर: दवा कारोबारी की मौत का मामला उलझा, इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस करेगी खुलासा
यह घटना बृहस्पतिवार की रात बारह बजे की है। पुलिस के मुताबिक पहले तो बेटे ने रसोई की खिड़की के रास्ते जाकर बेडरूम का दरवाजा खोला और फिर बाथरूम में शव देखा। इसके बाद वह पुलिस के आने का इंतजार भी करने लगा। डायल 112 के पुलिस वालों के पहुंचने के बाद ही बेटा अनस अंदर गया। उसने शव की एक फोटो पहले ही खींच ली थी। फिर पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को देखा तो उसमें हार्ट पंक्चर होने की बात सामने आई।
बेटे ने पुलिस से पूछताछ में बताया है कि पहले एक गोली की आवाज आई थी और फिर दो गोली की। ऐसे में लग रहा है कि पहली गोली कनपटी पर मारी गई थी और फिर सीने पर गोली मारी गई है। यह तथ्य और भी उलझाने वाला है, क्योंकि कनपटी पर गोली मारने के बाद सामान्य तौर पर मौत तुरंत ही हो जाती है, फिर सीने पर गोली मारना मुमकिन नहीं लगता है।
मृत शरीर से साढ़े चार फीट दूर थे खाली खोखे, उलझी पुलिस
दवा कारोबारी सईद अहमद के शरीर के साढ़े चार फीट दूर पिस्टल के खोखे मिले हैं। अब ऐसे में सवाल उठता है कि अगर गोली खुद से मारी गई तो गोली के खाली खोखे इतनी दूर कैसे गए ? हालांकि घटना की तस्वीर पर पुलिस का एक तर्क यह भी है कि, हो सकता है कि गोली चलने के बाद पिस्टल से बाहर निकले खोखे दीवार से टकरा कर दूर आ गिरे होंगे।
कर्ज लौटा नहीं पाया, गाडी़ भी कर ली गई जब्त
अनस खुद एक अच्छे परिवार से जुड़ा होने के बाद भी अपने शौक और जरूरत के हिसाब से सूद पर कर्ज लेने लगा था। इस वजह से वह कर्ज में भी डूबता चला गया था। कुछ साल पहले सूद की रकम अदा नहीं कर पाने की वजह से कुछ लोगों से उसका विवाद भी हो गया था। सूदखोरों ने उसकी हंटर जीप भी गिरवी रखवा ली थी। तब मां जिंदा थी, उसने खुद सूद की रकम वापस की थी जब जाकर गाड़ी वापस उसके पास आई।
गांव की जमीन जालसाजी से बेची थी, जेल भी गया था
अनस ने गांव की आधे से ज्यादा संपत्ति बेच दी थी। इस मामले में उसके चाचा (पहले ससुर) ने केस भी दर्ज कराया था। जालसाजी के इसी मामले में महराजगंज पुलिस ने आरोपित को जेल भी भेजा था। अनस ने पहली शादी चाचा के बेटी से की थी। तलाक होने के बाद दूसरी शादी कर ली।
चाचा संग चार अन्य नंबर भी जांच में
दवा कारोबारी के साथ आवास में एक चाचा, उनके नौकर और व्यापारी का परिवार ही रहता था। घटना के बाद पुलिस ने पांच नंबरों की डिटेल खंगाली है। चाचा, उनका नौकर( 14 साल) अनस, पत्नी और उनके नौकर के नंबर की सीडीआर जांच के लिए पुलिस ने भेज दी है। रविवार होने की वजह से सोमवार दोपहर तक रिपोर्ट आने की संभावना है। इसके बाद जांच तेजी से आगे बढ़ाई जाएगी।
घरवालों का अलग अलग बयान दर्ज किया
पुलिस ने घरवालों का अलग-अलग बयान दर्ज किया है। नौकर का भी अलग से बयान दर्ज किया है। हालांकि अभी तक सभी के बयान एक तरह के होने की वजह से पुलिस को कोई मजबूत साक्ष्य नहीं मिल पाया है जिससे हत्या साबित हो लेकिन तीन गोली मारने का मकसद भी पुलिस नहीं बता पा रही है।
तीन कमरे में पंद्रह दरवाजे, जांच टीम हैरत में
पुलिस की जांच में एक बेहद चौंकाने और उलझन बढ़ाने वाला तथ्य सामने आया है। घर में दरवाजों की इतनी अधिक संख्या से भी पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। मतलब साफ है कि इतने दरवाजे होने की वजह से आसानी से कोई कम समय में एक जगह से दूसरी जगह पहुंच सकता है। हालांकि, मामला खुलने के बाद इस कड़ी से भी पर्दा उठने की संभावना है। जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन कमरे और एक बाथरूम में पंद्रह दरवाजे हैं। जिस बेडरूम के बाथरूम में कारोबारी की मौत हुई वहां भी करीब पांच दरवाजे लगे हैं।
मोटिव एक : पिता ने तानी थी पिस्टल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पुत्र अनस और पिता सईद के बीच विवाद चल रहा था। दस दिन पहले एक जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र में विवाद हुआ था। बेटा अनस जमीन को बेचना चाहता था, जिसका पिता विरोध कर रहे थे। बात इतनी बढ़ गई थी कि पिता ने लाइसेंसी पिस्टल बेटे अनस पर तान दी थी। अनस ने ऊपरी मंजिल में भागकर जान बचाई थी और तब उसने पुलिस को सूचना भी दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिस्टल कब्जे में लेकर मैगजीन निकाल दी थी।
मोटिव दो : पिता ने अनस पर चलाई थी गोलियां
दवा कारोबारी का बेटे से विवाद हो गया था। पिता पुत्र का झगड़ा होना आम था। बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले विवाद होने के बाद अनस पर पिता ने गोली भी चला दी थी। हालांकि गोली उसे लगी नहीं थी। इस घटना के बाद से पिता पुत्र के रिश्ते बहुत ही खराब हो गए थे। यहां तक की दोनों के बीच ज्यादा बोलचाल भी नहीं होती थी। बेटा कर्ज में था इसकी भनक भी पिता को ज्यादा नहीं थी।
मोटिव तीन : घर भी बेचना चाहते थे परिवार वाले
मोहल्ले के लोगों की माने तो अनस और ऊपरी मंजिल पर रहने वाले उसके चाचा मिलकर घर को बेचना चाहते थे। नखास स्थित घर को बेचने के लिए दवा कारोबारी बिल्कुल भी तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि हत्या के दस दिन पहले हुए विवाद की वजह भी यही थी। उधर, अनस एक चाचा की बेटी को तलाक दे चुका था। इस वजह से वह भी इस प्रॉपर्टी को रखने के मूड में नहीं थे। मोहल्ले के कई लोगों से अनस ने मकान बेचने की बात कही थी।
एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। बैलिस्टिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डॉक्टरों की मदद से जांच किया जा रहा है कि अगर खुदकुशी किया है तो कैसे और यदि हत्या की गई है तो किस तरह से और वजह क्या है। जल्द ही पुलिस जांच कर घटना का पर्दाफाश कर देगी।