उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के खरैया पोखरा में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने घर में घुसकर व्यापारी वेद प्रकाश (30) को गोलियों से भून दिया। गोली चलने पर परिवार के लोग दौड़कर बाहर आए तो बाइक सवार बदमाश फायर करते हुए फरार हो गए। आनन फानन व्यापारी को लेकर परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
2 of 5
सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला।
घटना की सूचना पाकर एसएसपी दिनेश कुमार पी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के पूछताछ में परिवार के लोगों ने रंजिश से इनकार कर दिया है। पुलिस सर्विलांस और सीसी टीवी कैमरे की मदद से जांच में जुट गई है। हत्या किसने और क्यों की, इसकी जांच पुलिस कर रही है। घटना की वजह स्पष्ट नहीं है।
3 of 5
मृतक वेद प्रकाश की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला।
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से बस्ती जिले के पैकवलिया, पिपरासाजी निवासी व मृतक के पिता कृष्ण स्वरूप पूर्वोत्तर रेलवे में तृतीय श्रेणी कर्मचारी हैं। खरैया पोखरा में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। उनकी तीन संतानों में सबसे छोटे बेटे 30 वर्षीय वेद प्रकाश पहले दवा का कारोबार करते थे। घाटा होने के बाद वह मोबाइल पार्ट्स के थोक व्यापार करने लगे।
4 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Pixabay
घरवालों के मुताबिक, शुक्रवार की रात में 10 बजे भोजन करने के बाद वेद प्रकाश और उनकी पत्नी रेखा दूसरे मंजिल पर स्थित अपने कमरे में सोने चले गए। आधे घंटे बाद उनके गेट पर किसी ने पथराव शुरू कर दिया। आवाज सुनकर वेद प्रकाश कमरे से बाहर निकले। रात में पथराव कौन कर रहा है यह देखने के लिए गेट पर पहुंचे तो घात लगाकर खड़े तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सिर, आंख व कान के पास गोली लगने से वेद जमीन पर गिरकर तड़पने लगे। गोली की आवाज सुनकर घरवाले बाहर आ गए। वारदात के बाद बदमाश फायर करते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कृष्ण स्वरूप बेटे को मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
5 of 5
एसएसपी दिनेश कुमार पी।
- फोटो : अमर उजाला।
एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि घटना के पर्दाफाश के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है। सीसी टीवी फुटेज व अन्य स्रोतों की मदद से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।