मुंबई समेत अन्य राज्यों से आने वालों में कोरोना वायरस मिलने लगे हैं। ऐसे में कोरोना वायरस को लेकर सावधान हो जाने की जरूरत है। ऐसा नहीं किया गया तो जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमण की स्थिति भयावह हो सकती है। एयरपोर्ट से लिया गया एक यात्री का नमूना रविवार को पॉजिटिव आया है। इससे पूर्व भी मुंबई से आए दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। विभाग ने इस पर चिंता जताई है। क्योंकि पंचायत चुनाव और होली को देखते हुए मुंबई समेत अन्य राज्यों से लोगों की आवाजाही शुरू हो चुकी है।
सावधान गोरखपुर: बाहर से आने वालों में मिल रहा संक्रमण, 24 घंटे के अंदर मिले सात नए पॉजिटिव मरीज
रविवार को कोरोना संक्रमण के नमूनों की जांच में सात लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें एक नमूना एयरपोर्ट से लिया गया था। व्यक्ति की ट्रैवेल हिस्ट्री के आधार पर उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी एकत्र करनी विभाग ने शुरू कर दी है।
वह कहां से आया था और कहां का रहने वाला है। इसकी जानकारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि जीन सीक्वेंसिंग के तहत उसका सैंपल केजीएमयू लखनऊ भेजा जाएगा।
वहीं दूसरी ओर एयरपोर्ट पर आने वाले हर यात्री को कंट्रोल रूम से फोन कर 14 दिन होम क्वांरटीन की सलाह दी जा रही है। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि यदि संक्रमित में कोई लक्षण नजर आए तो उनकी जीनोम टेस्टिंग भी कराई जाएगी। जांच के लिए नमूना किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) भेजा जाएगा। शेष छह मरीजों की कोई ट्रैवेल हिस्ट्री नहीं है। ऐसे में केवल एक नमूना लखनऊ भेजा जाएगा। इसके अलावा दो नमूनों की रिपोर्ट सोमवार को मिलने की उम्मीद है।
होम क्वारंटीन का करें पालन
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने कहा कि पिछले वर्ष भी दिल्ली व मुंबई से ही कोरोना आया था। ऐसे में पंचायत चुनाव और होली को देखते हुए लोग बड़ी संख्या में आ सकते हैं। इसलिए परिवार के सदस्यों को भी चाहिए कि बाहर से आने वालों को 14 दिन अलग कमरे में रखें। उनसे कोई भेदभाव न करें। लेकिन होम क्वारंटीन जरूर कराएं। इससे वे खुद तो सुरक्षित तो रहेंगे ही, साथ ही दूसरों की भी सुरक्षा होगी।