गोरखपुर शहर की प्रमुख सड़कों पर चलने वाले वाहन चालक ट्रैफिक नियमों के बारे में बहुत ही लापरवाह हैं। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाते तो कार चालक सीट बेल्ट, फिर लालबत्ती और जेब्रा क्रॉसिंग का वे पालन करेंगे, यह सोचना भी बेमानी होगा। उल्टी दिशा में वाहन चलाने के फन में तो गोरखपुरवासियों को माहरत हासिल है। यह सब हम किसी अनुमान के आधार पर नहीं, बल्कि शहर के नौ प्रमुख चौराहों पर लगे इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के कैमरों में कैद तस्वीरों के आधार पर कह रहे हैं।
अमर उजाला पड़ताल: गोरखपुर शहर में अस्सी फीसदी दुपहिया सवार नहीं लगाते हेलमेट, लालबत्ती को समझते हैं हरा
स्मार्ट सिटी बन रहे शहर में 21 चौराहों पर यातायात नियंत्रण के लिए, उच्च क्षमता के कैमरा युक्त ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लगाए जाने हैं। नौ चौराहों नौसड़, ट्रांसपोर्ट नगर, रुस्तमपुर, अमर उजाला तिराहा, मोहद्दीपुर, कूड़ाघाट, विश्व विद्यालय चौराहा, छात्रसंघ चौराहा और यातायात तिराहे पर ये सिस्टम कार्य भी करने लगे हैं। ऑटोमेटिक सिस्टम के जरिए यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की व्यवस्था भी है। यह सिस्टम सिग्नल की बत्ती लाल होने, जेब्रा क्रॉसिंग से आगे बढ़ते ही गाड़ी का चालान काट देगा। बिना हेलमेट पहने बाइक चलाने, बाइक पर तीन सवारी तथा उल्टी दिशा में चलने पर भी जुर्माना कर देगा।
लेकिन, इन चौराहों से गुजरने वाले वाहन चालक, बत्ती और जेब्रा क्रासिंग की तरफ देख भी नहीं रहे हैं। बुधवार दोपहर में करीब एक घंटे तक आईटीएमएस के कंट्रोम रूम से शहर के इन चौराहों से गुजरने वालों के व्यवहार को देखा गया। सर्वाधिक नियमों का उल्लंघन बाइक चालक कर रहे हैं। करीब 80 फीसदी बाइक चालक बिना हेलमेट के बाइक दौड़ा रहे हैं।
न बत्ती देख रहे, न जेब्रा क्रासिंग
दोपहर में सबसे अधिक भीड़ मोहद्दीपुर चौराहे पर थी। कूड़ाघाट की तरफ से आने वाले हों या पैडलेगंज की तरफ से असुरन की तरफ जाने वाले, कोई भी वाहन चालक न तो बत्ती को देख रहा था, न ही जेब्रा क्रॉसिंग को। यही हालत अमर उजाला तिराहा, नौसड़ व ट्रांसपोर्ट नगर की थी। विश्वविद्यालय चौराहे व छात्रसंघ चौराहे पर भी लोग अपने हिसाब से चल रहे थे।
चेतावनी तो कोई सुन ही नहीं रहा
नगर निगम के नए भवन में बने आईटीएमएस के कंट्रोल रूम में चौराहों से गुजरने वाले वाहनों की लगातार निगरानी हो रही है। कंट्रोल रूम से बार-बार जानकारी प्रसारित की जा रही और चेतावनी भी दी जा रही है। दोपहर में मोहद्दीपुर चौराहे पर लालबत्ती के बावजूद आगे बढ़ रहे लोगों को लाउडस्पीकर से आगाह किया गया, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से किसी ने स्पीकर से कही गई बात की तरफ गौर भी नहीं किया।
तो बड़ी संख्या में कटेगा चालान
आईटीएमएस के कंट्रोल रूम से जो नजारा दिखा, वह चिंताजनक है। जैसे ही यह सिस्टम पूरी तरह से लागू होगा, पहले ही दिन कई हजार चालान कटेंगे। वजह यह कि बिना हेलमेट बाइक चलाने, बिना सीट बेल्ट बांधे चार पहिया वाहन चलाने, लालबत्ती के बावजूद जेब्रा क्रॉसिंग से आगे बढ़ने या उल्टी देशा में चलने पर जुर्माना किया जाना है। बुधवार को कंट्रोल रूम में जो नजारा दिखा, उस हिसाब से तो नियम लागू होते ही अधिकतर वाहन चालक का कहीं न कहीं चालन कट जाएगा। बेहतर होगा कि शहरवासी यातायात नियमों के पालन को लेकर सचेत हो जाएं।
यातायात पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह ने कहा कि वाहन चालकों को नियमों के प्रति बार-बार सचेत किया जा रहा है। चुनाव खत्म होते ही आईटीएमएस को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया जाएगा। सिस्टम स्वत: संज्ञान लेकर जुर्माना करेगा और पुलिस उसका अनुपालन सख्ती से कराएगी। इसलिए सभी वाहन चालकों से अनुरोध है कि यातायात के सभी नियमों को अच्छी तरह से याद कर लें।