कुशीनगर फोरलेन पर जगदीशपुर के किनारे बसे कोनी गांव में पुलिस प्रशिक्षण स्कूल और पीएसी की महिला बटालियन खोलने के लिए प्रशासन ने भारी फोर्स की मौजूदगी में सोमवार को सीलिंग की जमीन को कब्जे में ले लिया। स्थानीय लोगों ने पहले तो विरोध की कोशिश की, अधिकारियों से उनकी नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस बल के आगे उनकी एक न चली। वहीं विरोध कर रहे सपा के एक नेता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई में अधिग्रहित जमीनों पर पिलर लगाने के बाद पुलिस-प्रशासन वीरांगना झलकारी बाई पीएसी महिला बटालियन का बोर्ड भी लगा दिया।
अधिकारियों-ग्रामीणों में नोकझोंक:कोनी में सीलिंग की जमीन से कब्जा हटाने पर किसान भड़के,मगर फोर्स से भिड़े नहीं
गांव के अर्जुन पांडेय, प्रेमचंद चौरसिया, रामप्यारे गुप्ता समेत अन्य ग्रामीणों ने तहसीलदार से हाईकोर्ट के अधिवक्ता से बात कराकर कार्रवाई रोकने की मांग की। ग्रामीणों ने हाईकोर्ट और कमिश्नर कोर्ट में चल रहे मुकदमे का हवाला दिया। लेकिन उनकी एक न सुनी गई। एक तरफ बात होती रही और दूसरी तरफ लेखपाल खेतों में पिलर लगवाते रहे।
तहसीलदार ने बातों में उलझाया, लेखपालों ने पिलर लगवाया
कुसम्ही प्रतिनिधि के अनुसार पूर्व में हुए विरोध के कारण अधिकारियों ने समझदारी दिखाई। गांव की महिलाओं को महिला पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। पुलिस की अलग-अलग टुकड़ियां गांव में गश्त करती रहीं। मौके पर जुटे पुरुषों को एक-एक करके हटाया। गिने-चुने लोगों को बातचीत के लिए तहसीलदार ने पिपराइच रोड पर बुला लिया। तहसीलदार ने लोगों को आश्वस्त किया कि अभी सिर्फ पिलर लगा रहे हैं। यदि कोई नया फैसला आएगा तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। इधर लोग तहसीलदार की बातों में उलझ गए। उधर बड़ी ही तेजी के साथ पुलिस और पीएसी जवानों ने लेखपालों की मदद से 60 एकड़ जमीन पर पिलर लगा दी। कड़ी धूप होने के बावजूद साढ़े चार घंटे के भीतर ही कार्रवाई पूरी कर ली गई। हालांकि प्रशासन ने जिन जमीनों पर कब्जा किया है। उनमें धान की फसल खड़ी है। माना जा रहा है कि फसल कटने के बाद निर्माण कार्य भी शुरू होगा।
60 एकड़ जमीन पर होगा निर्माण कार्य, फसल कटने के बाद शुरू होगा काम
कुशीनगर हाईवे पर माड़ापार पुल के बाईं ओर पिपराइच रोड के किनारे कोनी गांव में किसानों की जमीनें हैं। इन जमीनों को वर्ष 2019 में सीलिंग में दर्ज कर दिया गया है। इस पर पुलिस प्रशिक्षण स्कूल और पीएसी की महिला बटालियन बनाने के लिए कुल 84 एकड़ जमीन आरक्षित की गई है। 30-30 एकड़ जमीन पर दोनों निर्माण कार्य होंगे। 26 जुलाई को पुलिस - प्रशासन की टीम जमीन पर कब्जा करने पहुंची तो ग्रामीणों ने विरोध करते हुए टीम को लौटा दिया। तब इस मामले में किसानों के कागजात लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन अधिकारियों ने दिया। लेकिन इस मामले का कोई हल निकला। सोमवार को दोबारा भारी फोर्स के साथ तहसील विकास सिंह अगुवाई में प्रशासनिक टीम पहुंची।
दूर से देखते रहे तमाशा, नेताओं पर निकाली भड़ास
ग्रामीणों के विरोध को भांपते हुए इस बार पूरी तैयारी की गई थी। पुलिस बल के कारण लोग दूर से तमाशा देखते रहे। इस मामले में नेताओं की भूमिका को लेकर लोगों ने जमकर भड़ास निकाली। अधिकारियों के सामने खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि इस बार आएंगे वोट मांगने तो उनको लौटा दिया जाएगा। इस दौरान विरोध जता रहे सपा नेता रामसकल गुप्ता को हिरासत में लेकर पुलिस ने जगदीशपुर पुलिस चौकी पहुंचा दिया।