गोरखपुर: घर से भागकर बंगलूरू पहुंचे प्रेमी युगल, आठ दिन बाद थाने लौटकर शादी के लिए हुए राजी
पिपराइच थाना क्षेत्र के एक गांव से घर छोड़कर बंगलूरू पहुंचे प्रेमी युगल आठ दिन बाद पुलिस की पहल पर शनिवार सुबह वापस लौट आए। थाने पहुंचने पर प्रेमी युगल ने एक-दूसरे से शादी करने की इच्छा जताई।
विस्तार
प्यार परवान चढ़ा तो प्रेमी युगल ने घर-परिवार की परवाह किए बिना साथ रहने का फैसला कर लिया। दोनों चुपके से ट्रेन पकड़कर बंगलूरू पहुंच गए। आठ दिन तक वहां रहने के बाद पुलिस की पहल पर शनिवार सुबह दोनों पिपराइच थाने पहुंच गए। खास बात यह रही कि थाने में दोनों ने एक-दूसरे के साथ शादी करने की इच्छा जताई। परिवार के लोग भी शादी के लिए तैयार हो गए। हालांकि, रविवार शाम तक शादी नहीं हो सकी थी।
मामला पिपराइच थाना क्षेत्र के बरगदही रोड स्थित एक गांव का है। जानकारी के अनुसार, महराजगंज के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल बाजार निवासी युवक का ननिहाल इस गांव में है। युवक बंगलूरू में पेंट-पॉलिश का काम करता है। कुछ समय पहले वह ननिहाल आया था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली युवती से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले दोनों आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए थे। इसके बाद आठ दिन पहले दोनों घर से निकलकर ट्रेन से बंगलूरू चले गए।
