कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के चौथे चरण का आगाज गुरुवार से होगा। इस चरण में 45 साल के हो चुके हर व्यक्ति को टीका लगवाने का अवसर मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग ने हर सप्ताह 36 हजार लोगों को प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। लोगों की सुविधा को देखते हुए टीकाकरण केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। टीकाकरण का अब तक का यह सबसे बड़ा अभियान माना जा रहा है।
कोरोना पर वार: 45 साल के हो चुके हैं तो आज से लगवा सकते हैं टीका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एफ हुसैन ने बताया कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार अब 45 साल पूरा कर चुके लोगों को कोविड का टीका लगाया जाएगा। अभी तक सीनियर सिटीजन के साथ 45 साल या उससे ऊपर के उन लोगों को यह सुविधा मिल रही थी, जो किसी गंभीर बीमारी बीपी, शुगर, कैंसर आदि से पीड़ित थे। अब इसकी शर्त समाप्त कर दी गई है।
गुरुवार से टीका लगाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक अनुमान के अनुसार जिले में लगभग नौ लाख लोग 45-59 साल वाली श्रेणी में आते हैं। जिले के लिए 36 हजार प्रति सप्ताह टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित है। इसी आधार पर ब्लॉकों को भी लक्ष्य का आवंटन किया जा रहा है।
प्री रजिस्ट्रेशन कराकर नजदीकी केंद्र पर लगवाएं टीका
कोविड टीकाकरण के लिए प्री रजिस्ट्रेशन की सुविधा है। कोविन पोर्टल पर प्री रजिस्ट्रेशन में अपने नजदीकी अस्पताल का चयन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि व अस्पताल पर जाकर आप सुविधाजनक तरीके से टीका लगवा सकते हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हुसैन ने बताया कि मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल के साथ ही सभी ब्लॉक स्तरीय अस्पतालों व एडिशनल पीएचसी में टीकाकरण की सुविधा नियमित रूप से सभी कार्य दिवस पर उपलब्ध है। टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाए जाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
किसी भी केंद्र पर लगवा सकते हैं दूसरी डोज
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हुसैन ने बताया कि लाभार्थी अपने पहचान पत्र के साथ टीकाकरण केंद्र पर आएं तथा टीका लगवाने के बाद टीकाकरण कार्ड जरूर लें। नियत तिथि पर दूसरी डोज लगवाना न भूलें। कार्ड दिखाकर दूसरी डोज किसी भी अस्पताल में अपनी सुविधानुसार लगवा सकते हैं।