टीवी सीरियल इश्कबाज की लीड एक्ट्रेस श्रेणु पारेख ने हॉलीवुड के #Metoo कैंपेन की तर्ज पर अपनी जिंदगी से जुड़ा दर्दभरा एक्सपीरियंस शेयर किया है। श्रेणु ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह आपबीती बयां की है।
सीरियल इश्कबाज में गौरी का किरदार करने वाली एक्ट्रेस श्रेणु ने बताया कि महज 6 साल की उम्र में ही उन्हें छेड़छाड़ जैसेी घिनौनी हरकत से जूझना पड़ा था। श्रेणु ने एक तस्वीर शेयर करते हुए यह बातें लिखी है कि जब वह नानी के घर जाया करती थी तो उस वक्त बस में सफर करने के दौरान उन्हें बैडटच का एहसास हुआ।
दरअसल, उन्होंने बताया कि 'एक दिन बस में एक अंकल ने नाना से कहा कि वह मुझे गोद में बैठा लेगा, नाना भी राजी हो गए ताकि मैं सफर में थक ना जाऊं, उस शख्स ने मुझे गोद में बैठाया, लेकिन मैं उस वक्त सिर्फ छह साल की थी और मुझे नहीं पता था कि मेरे साथ क्या-क्या हो सकता था।'
श्रेणु ने आगे लिखा कि ' मेरी समझ से यह बिल्कुल बाहर था कि उस दौरान मेरे साथ क्या हो रहा था, वो आदमी मुझे बार-बार गलत तरीके से छू रहा था और इस बात का मुझे भी अंदाजा होता जा रहा था कि कुछ तो गलत है, लेकिन मैं कुछ कह नहीं सकी, क्योंकि उस वक्त में सही और गलत को समझने के लिए परिपक्व नहीं थी, वहीं, नाना दूर खड़े हुए थे जिनपर मेरी नजर बराबर जा रही थी लेकिन मैं नाना को इसके बारे में एक बार भी बताने की कोशिश नहीं कर पा रही थी।
श्रेणु ने आगे बताया कि 'ऐसा मेरे साथ कई बार हो चुका है, मेरी कई फ्रेंड्स हैं जिनके साथ भी ऐसी हरकतें कई बार की जा चुकी हैं, लेकिन हम लड़कियां इसलिए आवाज नहीं उठा पाईं क्योंकि समाज को इस पर जल्द यकीन नहीं हो पाएगा।'