कौन बनेगा करोड़पति सीजन 10 में मंगलवार को बाल दिवस विशेष एपिसोड रहा। फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट में गुजरात के अहमदाबाद के रहने वाले आर्यन शर्मा जीते और हॉट सीट पर पहुंचे। आर्यन 6ठी क्लास के स्टूडेंट हैं और उनकी उम्र केवल 11 साल है।
अमिताभ बच्चन शो की शुरुआत करने वाले ही थे कि आर्यन बोलते हैं आज के एपिसोड में वो खेल के नियम बताना चाहते हैं। जिसके बाद अमिताभ आर्यन को ये मौका देते हैं। आर्यन खेल के एक-एक नियम को दर्शकों को समझाते हैं। शो में पत्रकार ऋचा अनिरुद्ध चौथी लाइफ लाइन आस्क द एक्सपर्ट के तौर पर मौजूद रहती हैं।
शो में ऋचा आर्यन से कहती हैं कि 'एक दिन आप कौन बनेगा करोड़पति होस्ट कर सकते हैं'। जिस पर अमिताभ बच्चन कहते हैं कि 'बिल्कुल, हमारी नौकरी खतरे में हैं।' खेल शुरू होते ही आर्यन पहले सवाल के जवाब देने में ही अटकते हुए दिखे।
तभी आर्यन अमिताभ बच्चन से सवाल पूछते हैं कि 'मेरे बर्थडे पर मेरे दादाजी साइकिल लाते हैं और बाहर खाना खिलाने ले जाते हैं, आप भी तो आराध्या के दादाजी हैं आप क्या करते हैं।' अमिताभ कहते हैं कि 'मैं भी आराध्या को साइकिल पर बिठाकर खाना खिलाने ले जाता हूं। मैं भी वही सब करता हूं जो आपके दादा जी करते हैं।'
7 सवाल का जवाब देकर आर्यन 40 हजार जीत चुके थे। 8वें सवाल पर आकर आर्यन उलझ गए। उनसे सवाल पूछा गया कि 'इस तस्वीर में तितली के जीवन चक्र का कौन सा चरण मौजूद नहीं है?' जिसके ऑप्शन थे- स्पॉन, लार्वा, टैड और एम्ब्रियो। सही जवाब लार्वा था लेकिन आर्यन ने स्पैन जवाब दिया। इस तरह वो 40 हजार से सीधे 10 हजार रुपये ही जीत पाए और खेल से बाहर हो गए।